रेप का मामला वापस न लेने पर 4 व्यक्तियों ने महिला पर फेंका तेजाब

punjabkesari.in Sunday, Dec 08, 2019 - 10:58 AM (IST)

मुजफ्फरनगरः उन्नाव में एक बलात्कार पीड़िता को जलाने की घटना से एक दिन पहले यहां 30 वर्षीय महिला पर 4 व्यक्तियों द्वारा तेजाब फेंकने की घटना सामने आई है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि चारों व्यक्तियों ने अदालत से बलात्कार का मामला वापस न लेने पर महिला पर तेजाब से हमला किया।

उन्होंने कहा कि महिला तीस प्रतिशत तक जल गई है और मेरठ के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। शाहपुर थाने के क्षेत्राधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने कहा कि बुधवार रात को चारों व्यक्ति महिला के घर में जबरन घुस गए और उस पर तेजाब फेंक दिया क्योंकि महिला ने उनके खिलाफ यहां एक अदालत में चल रहे बलात्कार के मामले को वापस लेने से मना कर दिया था।

त्रिपाठी ने बताया कि महिला पर तेजाब से हमला करने में शामिल चारों व्यक्तियों की पहचान कसेरवा गांव के निवासी आरिफ, शाहनवाज, शरीफ और आबिद के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि चारों फरार हैं लेकिन उन्हें जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

Tamanna Bhardwaj