मिर्जापुर: विदेशी पर्यटकों पर हमले के मामले में 4 और गिरफ्तार, अब तक 8 अरेस्ट

punjabkesari.in Monday, Dec 11, 2017 - 12:43 PM (IST)

मिर्जापुर(उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में फ्रांस के पर्यटकों के समूह और एक भारतीय महिला के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। 2 समूहों के बीच झगड़े में बीच-बचाव करने वाले एक फ्रांसीसी नागरिक को चोट भी आई है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार अहरौरा पुलिस स्टेशन प्रभारी प्रवीन सिंह का कहना है कि किसी विदेशी नागरिक पर कोई हमला नहीं हुआ है। इस बीच उप्र पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फ्रांस के नागरिक पर कोई हमला नहीं हुआ है लेकिन भारतीयों के 2 समूहों के झगड़े में बीच बचाव करने वाले एक फ्रांसीसी नागरिक को चोटें जरूर आई हैं। उसके हाथ में चोट आई है।उन्होंने बताया कि वाराणसी की एक महिला के साथ कुछ लोगों ने छेड़छाड़ की और पिटाई भी की।

प्रवक्ता ने कहा कि बाद में महिला ने इस मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद 8 लोगो को गिरफ्तार किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि रविवार को महिला ने पुलिस में दर्ज की गई शिकायत में कहा कि करीब एक दर्जन लोगों ने उसके साथ छेड़खानी की और उसकी पिटाई भी की। महिला ने अपने रिश्तेदारों के साथ भी मार-पीट किए जाने की शिकायत की है।