SBI बैंक के लॉकर से पूर्व विधायक की पत्नी के 45 लाख के जेवर गायब, मामला दर्ज

punjabkesari.in Saturday, May 20, 2017 - 10:39 AM (IST)

बदायूंः आपकी सुरक्षित रखी-रखाई पूंजी यह सब गायब हो जाए तो बड़ा झटका लगना लाजमी है। बदायू जिले में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसको सुनकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी और हो सकता है न जाने यह सुनकर कितने लोगों को नींद भी ना आए। 

क्या है मामला?
हम बात कर रहे है बदायूं के बिसौली की स्टेट बैंक अॉफ इंडिया शाखा की। जहां के बैंक लॉकर से पूर्व विधायक कुन्नू बाबू की पत्नी के 45 लाख के जेवर गायब हो गए। जेवर गायब होने की जानकारी मिलने पर बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। घटना की बिसौली थाना पुलिस को तहरीर दी गई। जिसके बाद ब्रांच कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

बैंक लॉकर से गायब हो गए 45 लाख के गहने
जानकारी के मुताबिक पूर्व विधायक कुन्नू बाबू का नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में लॉकर नं0 56 है। उनकी मृत्यु के बाद इस लॉकर को उनकी पत्नी शकुंतला अग्रवाल ही संचालित करती हैं। कल जब शंकुतला देवी बैंक पहुंची और उन्होंने अपना लॉकर खोला तो उनके होश उड़ गए। लॉकर खाली था। उसमें रखे लगभग 45 लाख रुपए के जेवरात और कागजात गायब थे। शकुंतला के साथ उनके पुत्र आशीष गर्ग भी थे।

वहीं बैंक मैनेजर का कहना था कि लॉकर से कोई भी चीज गायब होना असंभव है। वहा पर कोई दूसरा नहीं जा सकता है। बहरहाल इस पूरी घटना ने बैंक की साख पर बट्टा लगाया है। अब देखना यह है कि जांच में क्या सामने आता है।

बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज 
फिलहाल इस पूरी घटना होने के बाद बैंक ने अपने हाथ झाड़ दिए है। जब शकुंतला देवी की बात बैंक कर्मचारियों ने नहीं सूनी तो पूरी घटना की तहरीर बिसौली कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस घटना में बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।