जनता और पुलिस को एक-दूसरे के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत है: शाह

punjabkesari.in Friday, Nov 29, 2019 - 06:23 PM (IST)

लखनऊः अमित शाह 47वीं ऑल इंडिया पुलिस साइंस कांग्रेस के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए। बता दें कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जवानों और पुलिस को सलामी देते हुए कहा कि पुलिस साल के 365 दिन काम करते हैं। पुलिस फोर्स ने कई कुर्बानियां दी हैं। शाह ने आगे कहा कि आज हमारा देश सुरक्षित है तो केवल जवानों के बलिदान से उनके इस काम का, साहस का कोई मोल नहीं है।

पुलिस के लिए नजरिए को बदलने की जरुरत है
शाह ने कहा कि पुलिसकर्मी का अक्सर मज़ाक बनाया जाता है। पुलिसकर्मी को बड़े तोंद वाला दिखाया जाता है। लेकिन देश की जनता को ये अनुभूति करनी होगी कि जब कोई भाई अपनी बहन के घर राखी बंधवाने जाता है। तब भी पुलिस का सिपाही ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभालता है। जब आप होली या दिवाली मना रहे होते हैं तो उस दिन भी पुलिस का जवान लॉ एंड ऑर्डर की चिंता करता है। देश के एक-एक नागरिक के मन में पुलिस के प्रति सम्मान की भावना पैदा करना, ये हमारी प्राथमिकता है। जब तक ये नहीं कर सकते तब तक हम आंतरिक सुरक्षा को ठीक से नहीं निभा सकते।

हमारा देश सुरक्षित है तो केवल जवानों के बलिदान से
उन्होंने आगे कहा कि आंतरिक सुरक्षा गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है। लॉ एंड ऑर्डर प्रदेश की। घुसपैठ, फेक करेंसी, साइबर क्राईम, नारकोटिक्स, नक्सलवाद जैसे मामलों में राज्य पुलिस और केंद्र के समन्वय की जरूरत है। केंद्र और राज्य पुलिस के बेहतर समन्वय से ही बड़ी चुनौतियों से निपटा जा सकता है। हजारों जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। तब जाकर देश की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। नरेन्द्र मोदी जी के आने के बाद दिल्ली में भव्य पुलिस स्मारक स्थापित किया है। क्या इस स्मारक को हम अपने-अपने राज्यों में पुलिस चेतना का जरिया बना सकते है।

बता दें कि गुरुवार को पुडुचेरी की उप राज्यपाल किरण बेदी ने इस कार्यक्रम का उदघाटन किया था। इस दौरान किरण बेदी ने अयोध्या फैसले के दौरान यूपी सरकार के साथ पुलिस के काम की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि कुंभ के सफल आयोजन से यूपी पुलिस का दुनिया में सम्मान बढ़ा है। यूपी पुलिस को इसके लिए पुरस्कार मिलना चाहिए। कॉन्सटेबल, हेड कॉन्सटेबल को बीट पुलिसिंग का केंद्र बनाएं। साथ ही पूरे देश में बीट पुलिसिंग को बेहतर बनाने की जरुरत है।

वहीं समापन समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित शाह ने आगे कहा कि कोई ऐसा सेवा नहीं है जिसमें इतनी शहादत हो। कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्य नाथ भी मौजूद रहे।

 

 

 

Ajay kumar