आगरा: 48 साल बाद भी फ्लाइट लेफ्टिनेंट मनोहर पुरोहित की पत्नी को है पति के लौटने की आस

punjabkesari.in Sunday, Mar 03, 2019 - 11:32 AM (IST)

आगरा: पाकिस्तान से विंग कमांडर अभिनंदन की वापसी के बाद उन परिवारों में भी उम्मीद जागी है, जिनके अपने वर्ष 1971 के युद्ध के बाद से लापता हैं या पाकिस्तान में उन्हें बंधक बना लिया गया। इनमें आगरा के रहने वाले फ्लाइट लेफ्टिनेंट मनोहर पुरोहित भी शामिल हैं। मनोहर पुरोहित की पत्नी सुमन पुरोहित ने 48 साल बाद भी अपने पति के वापस आने की उम्मीद नहीं छोड़ी है। उनका कहना है कि जैसे मोदी सरकार विंग कमांडर अभिनंदन को वापस लेकर आई है, वैसे ही उसके पति को भी वापस लाया जाए। मेरे पति के साथ 54 सिपाही पकड़े गए थे, उन सबके परिवार उनका इंतजार कर रहे हैं।

सुमन ने बताया कि पहले की सरकारें हमारे पत्रों का जवाब देती थीं, लेकिन मोदी सरकार में सभी ने पत्र लिखे, लेकिन एक भी जवाब नहीं आया। सुमन के पति फ्लाइट लेफ्टिनेंट मनोहर पुरोहित 1971 के भारत-पाकिस्तान के युद्ध के समय पकड़ लिए गए थे। वर्ष 2007 में सुमन पुरोहित पाकिस्तान गई थीं, तब उन्होंने जेलों में अपने पति को ढूंढना चाहा लेकिन जेल के दस्तावेज उर्दू में थे। उनके साथ कोई ट्रांसलेटर नहीं था, जिसके चलते दस्तावेजों को वह पढ़ नहीं सकीं। वह 7 दिन पाकिस्तान में रहीं और फिर मायूस होकर भारत लौट आईं। कुछ दिन पहले एक कारपेंटर ने बताया कि ओमान में मुशीराबाद टापू पर एक व्यक्ति मिला है जो कि पाकिस्तान की जेल में बंद था और उसे ओमान भेज दिया गया जबकि भारत में उसे शहीद घोषित कर दिया गया था। इससे घर वाले सोचते हैं कि पाकिस्तान ने उन 54 सिपाहियों को अपने पड़ोसी देशों में भेज दिया है।

Anil Kapoor