UP में लॉकडाउन के दौरान बने 5.80 लाख नए राशन कार्ड, सरकार ने दिए तेजी लाने के आदेश

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2020 - 06:58 PM (IST)

लखनऊः खतरनाक कोरोना वायरस का संक्रमण उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ता जा रहा है। लिहाजा देशव्यापी लॉकडाउन लागू है। वहीं बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर अपने राज्य की ओर वापसी कर रहे हैं। ऐसे में प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दिहाड़ी व प्रवासी मजदूरों के राशन कार्ड बनाने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि कोरोना की विषम परिस्थितियों में लॉकडाउन के दौरान UP में अब तक 5.80 लाख नए राशन कार्ड बन चुके हैं और यह काम निरंतर जारी है। मनरेगा मजदूर, श्रम विभाग और नगर निगम में पंजीकृत श्रमिकों के अलावा जरूरतमंद प्रवासी मजदूरों के राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं। खाद्य विभाग नए राशन कार्ड पर राशन भी मुहैया कराने का दावा कर रहा है। हालांकि प्रदेश को अभी बढ़ा कर आवंटन नहीं मिल रहा है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बड़े पैमाने पर लोग राशन कार्ड बनवाने आ रहे हैं। पात्र लोगों का राशन कार्ड बनाया जा रहा है। आपदा के समय सरकारी अनाज लोगों के लिए बड़ी राहत है। इस समय मुफ्त अनाज के अलावा अतिरिक्त अनाज भी दिया जा रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि जब आगे चलकर बाकी राहत के काम बंद हो जाएंगे तब भी राशन कार्ड से अनाज मिलता रहेगा। यह जरूरतमंद परिवारों के लिए स्थाई राहत है। इसी को देखते हुए प्रदेश सरकार ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद परिवारों का राशन कार्ड बनवाने में लगी है।

 

 

Author

Moulshree Tripathi