अलीगढ़ में प्राइवेट बसों की टक्कर में 5 की मौत, योगी ने किया मृतकों को 2-2 लाख देने का ऐलान

punjabkesari.in Tuesday, Sep 04, 2018 - 06:56 PM (IST)

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में उस समय हड़कंप मच गया जब बारातियों से भरी बस प्राइवेट बस से टकरा गई। इस दौरान 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख देने का ऐलान किया है। 

थाना बन्ना देवी क्षेत्र के माल गोदाम के निकट मुहल्ला अमोलिया से दानिश पुत्र भूरा की बारात फिरोजाबाद के रामगढ़ जा रही थी। बस में करीब 50 लोग बाराती थे। जैसे ही बस मडराक टोल प्लाजा से दो किलोमीटर आगे पहुंची, तभी सामने से आ रही मिनी बस से भिड़ंत हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। घायलों को आगरा रोड स्थित रूसा अस्पताल के अलावा जिला अस्पताल भेजा गया है। गंभीर हालत में करीब 10 घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। 

पुलिस के मुताबिक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस को अभी मृतकों के नाम पते नहीं चले हैं। करीब 24 लोग घायल हुए है। घटना के होते ही आगरा रोड जाम हो गया। काफी देर तक यातायात ठप रहा। बाद में क्रेन के पहुंचने के बाद क्षतिग्रस्त बसों को सड़क से अलग किया गया। 
 

Ruby