मेरठ गंगनहर में गिरी तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Saturday, May 25, 2019 - 12:54 PM (IST)

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में रोहटा क्षेत्र तेज रफ्तार अनियंत्रित कार गंगनहर में गिरने से उसपर सवार एक ही परिवार के 3 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 महिलाओं को रोहटा और मेरठ के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। एक महिला लापता बताई गई है जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस सू्त्रों के अनुसार गुरुग्राम से देवरिया के परिवार के 11 सदस्य शुक्रवार तड़के गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे। सुबह करीब 5 बजे जैसे ही उनकी अर्टिका कार मेरठ जिले के रोहटा कस्बे के जटपुरा गांव के करीब पहुंची तो एक टायर पंक्चर हो गया और रफ्तार तेज होने के कारण कार अनिंयंत्रित होकर गंग नहर में समा गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे के बाद आस-पास के ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला लेकिन तब तक 3 बच्चों 6 वर्षीय अंशिका, 8 वर्षीय अंशु गुप्ता और 5 वर्षीय आशुतोष के अलावा 25 वर्षीय रिंकी, 30 वर्षीय संदीप गुप्ता और चालक विक्की यादव दम तोड़ चुके थे।

पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में 19 वर्षीय सोनी, 21 वर्षीय शालिनी, 30 वर्षीय देवी गुप्ता, 32 वर्षीय आशा गुप्ता बाल-बाल बच गई। इनमें से देवी गुप्ता मेरठ के जिला अस्पताल में भर्ती है जबकि आशा गुप्ता और शालिनी रोहटा के सीएचसी में भर्ती करवाए गए हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मेरठ पुलिस ने इस दुर्घटना के शिकार हुए देवरिया के लोगों के परिजनों को देवरिया के पिंडी गांव में सूचना दे दी है। जबकि शव पंचनामें के बाद पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिए गए हैं।

Anil Kapoor