वाराणसी: BJP की बैठक से पहले 50 कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में, शांति भंग की आशंका का आरोप

punjabkesari.in Friday, Nov 12, 2021 - 04:54 PM (IST)

वाराणसी: भाजपा पर सरकारी संस्थानों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए हस्तकला संकुल का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि लगभग 50 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शांति भंग होने की आशंका के चलते हिरासत में लिया गया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार जनता के लिए बनाए गए संस्थानों का दुरुपयोग अपने हित के लिए कर रही है और उसके इस ‘‘कृत्य'' का विरोध करने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता आज भोजूबीर स्थित नटनियादाई मंदिर में उपस्थित थे जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं में राय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को बड़ालालपुर स्थित हस्तकला संकुल में भाजपा की चुनाव प्रबंधन टीम की बैठक बुलाई गई गई है जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, संगठन मंत्री सुनील बंसल सहित प्रदेश भर के पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। हिरासत में लिए गए कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हस्तकला संकुल का घेराव करने जा रहे थे। 

Content Writer

Ramkesh