हाथरस कांड से आहत वाल्मीकि समाज के 50 परिवारों ने किया धर्म परिवर्तन, अपनाया बौद्ध धर्म

punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2020 - 11:16 AM (IST)

गाजियाबादः हाथरस में दलित युवती के साथ हुई दरिंदगी की घटना के बाद यूपी के गाजियाबाद जिले में वाल्मीकि समाज आहत है। जिसके चलते वाल्मीकि समुदाय के करीब 236 लोगों ने हिंदू धर्म छोड़कर बौद्ध धर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर के परपोते राजरत्न अंबेडकर की मौजूदगी में बौद्ध धर्म की दीक्षा ली। 

मामला गाजियाबाद के करहेड़ा इलाके का है। यहां के रहने वाले परिवारों का आरोप है कि हाथरस कांड से वे काफी ज्यादा आहत हुए हैं। आरोप यह भी है कि लगातार आर्थिक तंगी से जूझने के बावजूद इनकी कहीं सुनवाई नहीं होती है। इन लोगों ने आरोप लगाया कि हर जगह इनकी अनदेखी की जाती है। बीती 14 अक्टूबर का वो वीडियो भी सामने आया है, जिसमें राजरत्न आंबेडकर बौद्ध धर्म की दीक्षा इन लोगों को दे रहे हैं। इसी दौरान इन लोगों ने बौद्ध धर्म को अपना लिया। इन्हें भारतीय बौद्ध महासभा की तरफ से एक प्रमाण पत्र भी जारी किया गया है।

वहीं धर्म परिवर्तन करने वाले बीर सिंह ने बताया कि उनके गांव के 50 परिवारों के 236 लोगों ने बौद्ध धर्म अपना लिया है, इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई फीस नहीं ली गई है। बस अब इस धर्म को अपनाने के बाद समाज सेवा जैसे अच्छे काम करने को कहा गया है।
 

Tamanna Bhardwaj