सुभासपा के 50 और लोगों ने दिया इस्तीफा, पदाधिकारियों ने ओमप्रकाश राजभर पर लगाया गंभीर आरोप

punjabkesari.in Friday, Sep 16, 2022 - 05:08 PM (IST)

मऊः उत्तर प्रदेश में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से इस्तीफा देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को मऊ में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पदाधिकारियों समेत लगभग 50 लोगों ने इस्तीफा दे दिया। इतना ही नहीं इस्तीफे के दौरान पदाधिकारियों ने ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन भी किया। साथ ही गंभीर आरोप भी लगाए हैं।


पदाधिकारियों ने बताया कि ओमप्रकाश राजभर परिवारवाद कर रहे हैं। जो भी सीटें चुनाव लड़ने के लिए मिलती है वह या तो खुद लड़ते हैं या अपने बेटे को लड़ाते हैं। हम लोगों को मौका नहीं देते इसलिए हम लोगों ने आज सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। अब तक लगभग 300 लोगों ने इस्तीफा दिया है। 

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी से गठबंधन तोड़ने के बाद पिछले एक महीने में सुभासपा के कई जिलाध्यक्षों समेत बड़े पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। लगातार हो रहे इस्तीफों पर अब ओपी राजभर का बयान आया है। उन्होंने पार्टी में बगावत और इस्तीफों के लिए अखिलेश यादव को सीधे जिम्मेदार बताया है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव उनकी पार्टी के नेताओं को तोड़ रहे हैं। नेताओं को पैसा, गाड़ी और टिकट का लालच दिया जा रहा है। 



नवरात्रि में नए दल का एलान किया जाएगा-महेंद्र राजभर
महेंद्र राजभर, निवर्तमान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुभासपा ने कहा कि सुभासपा में अब कार्यकर्ताओं की जगह धनपशुओं व माफियाओं को तरजीह दी जा रही है। इससे दिन-रात पार्टी के लिए काम करने वाला कार्यकर्ता उपेक्षित महसूस कर रहा है। यही कारण रहा कि पार्टी से बड़ी संख्या में लोग त्यागपत्र दे रहे हैं। पूर्वांचल के अन्य जनपदों में बड़ी तादाद में उपेक्षित कार्यकर्ता त्यागपत्र दे रहे हैं। नवरात्रि में नए दल का एलान किया जाएगा। पूरे पूर्वांचल में दौरा कर उपेक्षित लोगों से रायशुमारी चल रही है।

Content Writer

Ajay kumar