''''5 बार जूते मारने वाले को मिलेंगे 5100, जीभ काटने वाले को 51 हजार का इनाम'''' स्वामी प्रसाद मौर्य में विरोध में हिन्दू संगठन

punjabkesari.in Monday, Jan 23, 2023 - 04:31 PM (IST)

कासगंज/आगरा: हिंदुओं के पवित्र ग्रंथ श्री रामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी कर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य विवादों में आ गए हैं। जिसको लेकर तमाम हिंदू संगठन लामबंद हो रहे हैं और विरोध कर रहे हैं। यूपी के कासगंज में अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वामी प्रसाद मौर्य को 5 बार जूते मारने वाले को 5,100 का इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, आगरा में एक हिंदू संगठन की ओर से मौर्य की जीभ काटने पर 51 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है।

जो स्वामी प्रसाद मौर्य को जूतों से मारेगा...
कासगंज में सोरों तीर्थ नगरी को तीर्थ नगरी घोषित किए जाने के लिए आंदोलन चलाने वाले अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेश शर्मा और संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेश पाठक ने सोमवार को अपने कार्यकर्ताओं के साथ कासगंज एसपी कार्यालय पहुंचकर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ लिखित शिकायत करते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इतना ही नहीं  मीडिया से बात करते हुए अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेश शर्मा ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर ही अभद्र टिप्पणी कर डाली। उन्होंने कहा कि 'जो स्वामी प्रसाद मौर्य को जूतों से मारेगा, उसको 5,100 रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने हमारे धर्म ग्रंथ का अपमान किया है जो हिन्दू कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।' वहीं, अखण्ड आर्यावर्त निर्माण संघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेश पाठक ने कहा कि 'कोई भी आता है, वह हमारे धर्म का अपमान करके निकल जाता है। हमारे धर्म ग्रंथ पर जो इन्होंने टिप्पणी की है वह घोर निंदनीय है। हम इनके खिलाफ एफआईआर की मांग करते हैं।

स्वामी प्रसाद मौर्य की सांकेतिक शव यात्रा निकाल कर जताया विरोध 
वहीं, आगरा में अखिल भारतीय हिन्दू महासभा ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की सांकेतिक शव यात्रा निकाल कर विरोध जताया। यह सांकेतिक शव यात्रा रामबाग चौराहा से लेकर यमुना पुल तक निकाली गई। इस मौके पर अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट ने कहा कि जिस देश में समुदाय विशेष पर टिप्पणी करने पर सिर तन से जुदा कर दिया जाता हैं। आज हिन्दुओं के पवित्र ग्रंथ राम चरित्र मानस को लेकर एक नेता ने इतना बड़ा विवादित बयान दे दिया। इनके विरुद्ध कोई बोलने को तैयार नही हैं। हम ऐसे नेता को कतई बर्दाश्त नही करेंगे। महासभा इनका जूतों से स्वागत करेगी। अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के जिला प्रभारी सौरभ शर्मा का कहना हैं कि जो भी स्वामी प्रसाद मौर्य की जीभ काटकर लाएगा उसे 51 हजार का इनाम दिया जाएगा।

इसके अलावा शाहजहांपुर में बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ प्रदर्शन किया। डीएम कार्यालय के बाहर स्वामी प्रसाद मौर्य का पुतला फूंककर नारेबाजी की गई। बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि हिंदुओं के धार्मिक ग्रंथ रामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी करने वाले सपा नेता को सबक सिखाया जाएगा। बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि अगर स्वामी प्रसाद मौर्य शाहजहांपुर जिले में दाखिल हुए तो उन्हें अपमानित करके चौराहों पर घुमाया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री राजेश अवस्थी ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य जिस थाली में खाते उसी में छेद करते है। कहा कि कोई अगर सनातन धर्म का विरोध करेगा तो उसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उसका विरोध किया जाएगा।

ये है स्वामी प्रसाद मौर्य का विवादित बयान 
बता दें कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामायण पर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने रामायण को बैन करने की मांग की है और कहा है कि जो भी विवादित चीजें इस ग्रंथ में संकलित हैं, उनको निकाला जाना चाहिए। इसके अलावा स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरित मानस को बैन करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस को पूरी तरह से बैन करना चाहिए। उसमें सब बकवास है। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस के कुछ हिस्सों से मुझे आपत्ति है। रामचरितमानस में तुलसीदास ने क्षुद्रों का अपमान किया है। ऐसे में धर्म का नाश हो।उन्होंने कहा कि तुलसीदास की रामायण को प्रतिबंधित करना चाहिए। जिस दकियानूसी सा जीवीहित्य में पिछड़ों और दलितों को गाली दी गई हो उसे प्रतिबंधित होना चाहिए। अगर सरकार तुलसीदास की रामायण को प्रतिबंधित नहीं कर सकती तो उन शोलोक को रामायण से निकालना चाहिए। जिसमें 52% आबादी वाली जनसंख्या के बारे में गलत बातें लिखी गई हैं।


 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj