5वें चरण के टॉप-10 अमीरों में दो राजा और दो रानियां सबसे आगे

punjabkesari.in Sunday, Feb 26, 2017 - 11:37 AM (IST)

उत्तर प्रदेशः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण में 11 जिलों की 51 सीटों के लिए 617 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमें से 168 उम्मीदवार रईस यानी करोड़पति हैं। इन रइसों की टॉप टेन लिस्ट में राजघरानों की धमक देखी जा सकती है। इनमें गोंडा के कुंवर जहां टॉप पर हैं, वहीं अमेठी की 2 रानियों के भी नाम हैं। उत्तर प्रदेश इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार अमेठी में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव मैदान में हाथ आजमा रहीं दो रानिया अमिता सिंह और गरिमा सिंह कुल 60 करोड़ से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति की मालकिन हैं।

यह 4 उम्मीदवार है सबसे ज्यादा करोड़पति 
पांचवे चरण के लिए गोंडा की कर्नलगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी कुंवर अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया का नाम पहले नंबर पर है। उनके पास कुल 49 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है, जिसमें 2.79 करोड़ की चल संपत्ति और 46.26 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है।
वहीं अमेठी राजघराने की अनीता सिंह 2 नंबर पर हैं। उनके पास कुल 36.77 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है, इसमें 8 करोड़ 60 लाख से ज्यादा की चल संपत्ति और 28 करोड़ 16 लाख से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है।
वहीं तिलोई के राजा मयंकेश्वर शरण सिंह टॉप टेन लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। इस सीट से वह भाजपा प्रत्याशी हैं। उनके पास भी 32 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।
इसी लिस्ट में अमेठी राजघराने की गरिमा सिंह चौथे नबर पर हैं। उनके पास कुल 24.21 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है, इसमें 5.80 करोड़ से ज्यादा की चल संपत्ति और 18.41 करोड़ से ज्यादा की अचल सपंत्ति शामिल है।

यह है पांचवे चरण के टॉप टेन रईस
- अजय प्रताप सिंह (भाजपा) — कर्नलगंज, गोंडा— 49 करोड़ रुपए से ज्यादा
- अमिता सिंह (कांग्रेस)— अमेठी— 36 करोड़ रुपए से ज्यादा
- मयंकेश्वर शरण सिंह (भाजपा)— तिलोई, अमेठी— 32 करोड़ रुपए से ज्यादा
- गरिमा सिंह (भाजपा)— अमेठी— 24 करोड़ रुपए से ज्यादा
- रितेश (बसपा)— जलालपुर, अंबेडकरनगर— 21 करोड़ रुपए से ज्यादा
- अश्वर राज सिंह (रालोद)— बस्ती सदर, बस्ती— 18 करोड़ रुपए से ज्यादा
- राकेश श्रीवास्तव (निर्दलीय)— बस्ती सदर— 16 करोड़ रुपए से ज्यादा
- योगेश प्रताप सिंह (सपा)— कर्नलगंज, गोंडा— 15 करोड़ रुपए से ज्यादा
- मशहूर आलम (बसपा)— खलीलाबाद, संतकबीरनगर— 15 करोड़ रुपए से ज्यादा
- राम दुलार पाठक (सर्व संभाव पार्टी)— सुलतानपुर— 12 करोड़ रुपए से ज्यादा