गंगा दशहरे पर स्नान करते समय नहर और जमुना में 6 डूबे, नहीं मिल रहा सुराग

punjabkesari.in Thursday, Jun 13, 2019 - 09:14 AM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में बुधवार को गंगा दशहरा के पर्व पर 3 किशोरियों सहित 6 लोग यमुना एवं नहर में स्नान करते समय डूब गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार टूण्डला इलाके गांव जाजपुर निवासी सचिन (14) अपने बडे भाई 20 वर्षीय अखिलेश के साथ शिकोहाबाद के भूड़ा नहर में गंगा दशहरा पर स्नान करने गए थे। नहर में नहाते समय अचानक तेज बहाव के कारण सचिन डूबने लगा। छोटे को बचाने के प्रयास में बड़ा भाई अखिलेश भी डूब गया। दोनों की तलाश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दूसरी घटना में एका निवासी राहुल रावत (26) एका स्थित जेड़ा झाल नहर में स्नान करने गया था और तेज बहाव के कारण डूब गया। राहुल को डूबता देख अन्य लोगों ने शोर मचाया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इसके अलावा नसीरपुर क्षेत्र के के शहजादपुर दतौली निवासी 10 साल की शिवानी अपने पिता देवेन्द्र के साथ नसीरपुर क्षेत्र के नौरंगी घाट पर स्नान करने गई थी तभी अचानक उसका पैर फिसल गया। जिससे जमुना में डूब गई।

पुलिस के अनुसार नगला सिंघी के गांव घुरकुआ निवासी सियाराम की 14 साल की बेटी प्रीती नौरंगी घाट पर स्नान करने गई थी और नहाते समय डूब गई। इसके अलावा बसई मौहम्मदपुर के गांव माली पट्टी निवासी रामखिलाड़ी की 16 वर्षीय पिंकेश भी दशहरा पर्व पर गांव के पास ही यमुना में स्नान करने गई थी। वह भी तेज बहाव के कारण डूब गई। पुलिस गोताखोरों की मदद से पिंकेश का ही शव बरामद कर सकी है। अन्य की तलाश जारी है।

Anil Kapoor