गाजियाबाद में CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान 65 गिरफ्तार, 350 पर मुकदमा

punjabkesari.in Sunday, Dec 22, 2019 - 11:44 AM (IST)

गाजियाबादः उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा करने के आरोप में 65 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 350 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ हिंसा और पत्थरबाजी करने में शामिल असमाजिक तत्वों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 65 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 350 असमाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि लोनी के पूर्व विधायक ज़ाकिर अली के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। सिंह के मुताबिक शरारती तत्वों की पहचान कर ली गई है और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।   

Tamanna Bhardwaj