शिकार की तलाश में कमरे में घुस आया 8 फीट लंबा मगरमच्छ, देखने के लिए लोगों की लगी भीड़

punjabkesari.in Monday, Oct 31, 2022 - 11:15 AM (IST)

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब रात को घर में सो रहे लोगों के कमरे में 8 फीट लंबा मगरगच्छ घुस आया। घर के सदस्यों ने जब मगरमच्छ को देखा तो उनके पसीने छूट गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। जब आसपास के लोगों को कमरे में मगरमच्छ के घुसने का पता लगा तो लोगों की काफी भीड़ वहां पर जमा हो गई। इसके बाद किसी ने इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी।


जानकारी मुताबिक मामला इटावा के बैदपुरा क्षेत्र स्थित महिला सेंट्रल जेल के सामने जैतिया गांव का है। यहां के निवासी हरनाम सिंह रात को लगभग 10 बजे के करीब अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कमरे में देखा तो 8 फीट लंबा मगरमच्छ अंदर घुस आया था। मगरमच्छ को देखते ही घर के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई और सभी लोग अपनी-अपनी जान बचाने के लिए पड़ोसियों के घरों में चले गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रात में मगरमच्छ को कमरे में बंद करवा दिया। इसके बाद सुबह होने पर उसका रेस्क्यू किया गया।


वहीं मगरमच्छ का रेस्क्यू करने वाले डॉ. आशीष त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें एक घर में मगरमच्छ घुसने की सूचना मिली। जब उन्होंने वहां जाकर देखा तो एक जुवेनाइल प्रजाति का मगरमच्छ कमरे के अंदर था। गांव के लोग मगरमच्छ को देखकर बुरी तरह से डरे हुए थे। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया  गया। इस मगरमच्छ की लंबाई 8 फीट है, उम्र लगभग डेढ़ से 2 वर्ष है। वन विभाग की टीम और पुलिस की टीम ने  पूरा सहयोग किया। यह मगरमच्छ भोगनीपुर नहर से भोजन की तलाश में गांव में घुस आया था।  वन विभग की टीम का कहना है कि इसको यमुना या चंबल के प्राकृतिक वास में छोड़ दिया जाएगा।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj