तंत्र विद्या की सिद्धि के लिए 8 वर्षीय बच्ची की दी बलि, फिर शव को किया अग्नि के हवाले

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2020 - 01:11 PM (IST)

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से अंधविश्वास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां तंत्र विद्या की सिद्धि के लिए एक 8 वर्षीय बच्ची को घर से सोते वक़्त अगवा कर उसकी बलि चढ़ाई गयी और फिर उसके शव को जला दिया गया। जब तक पुलिस पहुंचती तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस को मासूम के जिस्म के चंद अवशेष और बाकी राख ही हाथ लगी।  ताज्जुब की बात ये भी है कि घटना के बाद आरोपी भागा नहीं बल्कि नग्न अवस्था में उसी जगह चारपाई पर सोता मिला।

बता दें कि मामला मौदहा कोतवाली इलाके के नवीन गल्ला मण्डी के सामने का है। जहां पछैया (घुमन्तू प्रजाति) की एक 8 वर्षीय बच्ची रात को सोते समय गायब हो गई थी। उसके घर वालों के अनुसार उनकी दो लड़कियां एक साथ सो रही थीं। इसी बीच रात के अंधेरे में कोई शातिर अपराधी आया और 8 वर्षीय लड़की को सोते समय चादर समेत उठा ले गया। परिजनों ने बताया कि उसी समय पुलिस को सूचना दी गई थी। 3 बजे रात से पुलिस लगातार खोजबीन करती रही लेकिन पुलिस आरोपी की कोई खोज खबर न पा सकी। शुक्रवार की देर रात पुलिस को एक घर से अजीब तरह का धुआं निकलने की सूचना प्राप्त हुई। जिसके बाद मौके पर पहुंचने पर देखा तो वहां का मंज़र बेहद डरावना था। एक तरफ चारपाई पर नग्न पड़ा युवक, वहीं शव के टुकड़ो से निकलता धुंआ, और पास ही बिखरा सिंदूर, हल्दी वहां बीते वहशीपन की गवाही दे रहा था।

एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि गिरफ्त में आया शख्स मौदहा का 30 वर्षीय संतोष है। अभी तक जो चीज़े सामने आई उस आधार पर पुलिस अभी सिर्फ इस वारदात को तंत्र विद्या से जोड़ कर देख रही है। जहां एक वहशी सिरफिरे ने अपनी सिद्धि को सिध करने के लिए पहले तो मासूम लड़की का रात के अंधेरे में अपहरण किया और बाद में उसको चादर में लपेट कर अपने घर ले गया। जिसके बाद लड़की के टुकड़े-टुकड़े कर उसकी बली चढ़ा दी और अंत मे शव को जला कर राख कर दिया। इतना ही नहीं फिर शख्स वहीं चारपाई पर नग्न होकर लेट जाता है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 12 घंटे में शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। शख्स से गहनता से पूछताछ की जा रही है।

Edited By

Umakant yadav