होमवर्क न करने पर 10 साल के मासूम को मारे 105 डंडे! बेरहम टीचर ने दी ‘तालिबानी’ सजा, गहरे चोट के निशान देख कांप गए घरवाले

punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 02:42 PM (IST)

Gonda News (ओम चन्द शर्मा) : गोंडा से एक गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक निजी स्कूल में शिक्षक द्वारा की गई कथित बर्बरता ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। होमवर्क पूरा न होने की वजह से कक्षा दो के एक 10 वर्षीय छात्र को उसके शिक्षक ने बेरहमी से पीट दिया। आरोप है कि मासूम बच्चे के पैरों पर गिनकर 105 डंडे मारे गए, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान पड़ गए। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को नौकरी से हटा दिया है।

होमवर्क न करने पर टूटा शिक्षक का कहर
यह घटना गोंडा जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र के गुमदहा गांव स्थित एमआरजी पब्लिक स्कूल की है। कक्षा दो में पढ़ने वाला 10 वर्षीय छात्र बुधवार सुबह रोज की तरह स्कूल गया था। लंच के बाद दोपहर करीब एक बजे सोशल साइंस की कक्षा शुरू हुई। कक्षा में शिक्षक प्रखर सिंह ने छात्रों से होमवर्क दिखाने को कहा। जब वह पीड़ित छात्र के पास पहुंचे तो उसका होमवर्क अधूरा था। इसी बात से नाराज होकर शिक्षक ने कक्षा के भीतर ही बच्चे की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि शिक्षक ने बच्चे के पैरों पर गिनकर 105 डंडे मारे, जिससे कक्षा में मौजूद अन्य बच्चे भी डर के मारे सहम गए।

यह भी पढ़ें : Korean Games से सावधान रहें Parents! Task ने ले ली 3 मासूमों की जान, आपका बच्चा भी है शौकीन तो तुरंत पढ़ें ये खबर ....

रोते बच्चे को बिस्किट दिया, शिकायत पर पिता को भगाया
डंडों की मार से बच्चा दर्द से रोने लगा तो शिक्षक ने उसे चुप कराने के लिए बिस्किट दे दिया। छुट्टी के बाद बच्चा रोते-बिलखते घर पहुंचा और अपने पिता राज प्रसाद को पूरी घटना बताई। बच्चे के पैरों और शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजन सन्न रह गए। पिता तुरंत उसे इलाज के लिए ले गए। शाम करीब साढ़े चार बजे जब वह शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे, तो आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने उन्हें डांटकर वहां से भगा दिया। इसके बाद पिता रात में बच्चे को लेकर थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी।

यह भी पढ़ें : बुझ गया फिल्म इंडस्ट्री का चमकता सितारा, दिग्गज एक्टर ने 55 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, दुनियाभर में शोक और मायूसी...

शिक्षक निलंबित, जांच में जुटी पुलिस
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बच्चे का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से नौकरी से निकाल दिया है। स्कूल के प्रिंसिपल ने कहा कि बच्चे के साथ जो हुआ वह गलत है और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सभी शिक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static