Bulandshahr News: अनूपशहर में गंगा के टापू पर दिखा 12 फीट लंबा घड़ियाल, लोगों में फैली दहशत
punjabkesari.in Monday, Mar 17, 2025 - 02:43 PM (IST)

Bulandshahr News, (वरुण शर्मा): उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर में गंगा के टापू पर एक घड़ियाल दिखाई देने से हड़कंप मच गया। यह घटना कुंज घाट पर उस समय हुई जब गंगा की रेती पर कुछ बच्चे खेल रहे थे और उन्होंने देखा कि गंगा के मध्य स्थित टापू पर करीब 12 फीट लंबा एक घड़ियाल धूप सेक रहा था। घड़ियाल को देखने के लिए सैकड़ों लोग गंगा तट पर इकट्ठा हो गए और उसकी तस्वीरें व वीडियो बनाने लगे।
घड़ियाल अक्सर गंगा के टापू पर धूप सेकने आते हैं: वन क्षेत्र अधिकारी
इतना ही नहीं कुछ लोग नावों में बैठकर घड़ियाल के करीब जाने की कोशिश की, लेकिन वह गंगा की गहराई में चला गया। वन क्षेत्र अधिकारी प्रवेश कुमार ने बताया कि घड़ियाल ने किसी को भी नुकसान नहीं पहुंचाया है। वह अक्सर गंगा के टापू पर धूप सेकने के लिए आते हैं और थोड़ी देर बाद गंगा में लौट जाते हैं। स्थानीय प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है और घड़ियाल के आसपास के क्षेत्र में किसी भी तरह के खतरे से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।