सपा के गढ़ इटावा में पार्टी को करारा झटका, भाजपा में शामिल हुए सभासद

punjabkesari.in Monday, Nov 06, 2017 - 12:19 PM (IST)

इटावाः निकाय चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही हैं, राजनीतिक दलों की सक्रियता तेज होती जा रही है। इसके साथ ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में सपा के सभासद गुड्डू यादव ने नगर पालिका चेयरमैन कुलदीप गुप्ता पर घोटाला करने का आरोप लगाते हुए अपने 50 समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया है। जिस कारण सपा के गढ़ इटावा में समाजवादी पार्टी को करारा झटका लगा है।

सपा के सभासद गुड्डू यादव के साथ धर्मेन्द्र राठौर ने हिन्दू सेवा समिति नगर अध्यक्ष पद से इस्तीफा देते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है। धर्मेन्द्र राठौर ने हिन्दू सेवा समिति पर हिंदुत्व के मुद्दे से भटककर राजनीति में आने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दिया है।

बता दें कि भाजपा जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे ने मीडिया के सामने सपा सभासद गुड्डू यादव और हिन्दू सेवा समिति के नगर अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौर और 50 समर्थकों को भाजपा की सदस्यता दिलवाई। गौरतलब है कि निकाय चुनाव से ठीक पहले सपा कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होना सपा के लिए एक करारा झटका माना जा रहा है।