स्कूल की जर्जर चारदिवार गिरी, मलबे में दबकर मजदूर की मौत, दो घायल

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 07:15 PM (IST)

सुलतानपुर: जिले में दोस्तपुर थानाक्षेत्र के बनपुरवा में प्राथमिक विद्यालय की चारदिवारी गिरने से उसके मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कटघरापट्टी निवासी हरिराम उर्फ समारू (40) के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हरिराम का घर स्कूल की चारदिवारी से सटा हुआ था तथा उन्होंने घर में मिट्टी भरवाने के लिए चारदिवारी के किनारे मिट्टी गिरवाई थी। सूत्रों के अनुसार जेसीबी से अधिकांश मिट्टी हटाने के बाद वह बची मिट्टी वहां से हटा रहे थे, इसी दौरान जर्जर दीवार अचानक ढह गई और हरिराम मलबे में दब गए। सूत्रों ने कहा कि मौके पर ही हरिराम की मौत हो गई तथा खुशी राम (35) और रीमा (29) घायल हो गये। 

ग्रामीणों ने स्थानीय प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि स्कूल की दीवार लंबे समय से जर्जर थी और हादसे का खतरा बना हुआ था। थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सूबेदार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना पर एसडीएम मंजुल मयंक मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी (डीएम) इंद्रजीत ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दीवार गिरने के कारणों की विस्तृत जांच होगी तथा निर्माण या सुरक्षा मानकों में लापरवाही मिली तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि हादसे में स्कूल के सभी बच्चे सुरक्षित हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static