मरीज की जांच के बाद हैरत में पड़े डॉक्टर, शरीर में था सबकुछ उल्टा-पुल्टा

punjabkesari.in Sunday, Jan 07, 2018 - 02:04 PM (IST)

कानपुरः कानपुर से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। जहां एक युवक को सीने में जकड़न के साथ खून की उल्टियां होने पर परिजन उसे हैलट अस्पताल ले गए तो डॉक्टर हैरत में पड़ गए। जांच में पता चला कि रोहन के शरीर के कई अंग अपने निर्धारित स्थान पर हैं ही नहीं। रोहन मेडिकल साइंस के लिए किसी अजूबे से कम नहीं था, लेकिन अफसोस लाख कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए। उसे लिवर की भी बीमारी थी। अब डॉक्टर रोहन की शारीरिक बनावट पर शोध करेंगे।

दरअसल, पीड़ित के शरीर में सबकुछ उल्टा-पुल्टा था। दिल बाएं की जगह दाईं तरफ धड़क रहा था। लिवर दाएं न होकर बायीं ओर था। तिल्ली उल्टे आकार में लटकी हुई थी। फेफड़े असामान्य थे तो गाल ब्लेडर भी अपनी जगह पर नहीं था। जांच के बाद उसे 'डेक्ट्रोकार्डिया साइटस इंवरसस' जैसी गंभीर बीमारी बताई गई।

बता दें रामादेवी निवासी रोहन को निमोनिया की शिकायत पर सोमवार (01 जनवरी) को हैलट में भर्ती कराया गया था। यहां पर उसका एक्सरे, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड किया गया तो डॉक्टरों ने माथा पकड़ लिया। जांच रिपोर्ट सुनकर परिजन भी हैरत में पड़ गए। तीन-चार दिन तक इलाज किया गया, लेकिन शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह के मुताबिक असामान्य शरीर के तीन तरह के मामले पाए गए हैं। एक दिल बाएं से दाएं होना। दूसरा दिल समेत शरीर के दूसरे अंग अपोजिट होना। तीसरा शरीर के सभी अंग मिक्स हो जाना। तीसरे स्टेज में इनसान जिंदा तो रहता है, लेकिन कई तरह की बीमारियां घेर लेती हैं। पहले दो तरह की शारीरिक बनावट वाले इनसान 7-8 लाख में एक दो पाए जाते हैं।