नोएडा में इंसानियत शर्मसार: 3 महीने के भ्रूण को थैली में छोड़ गया पिता... कुत्ते ने नोच डाला, घटना का दर्दनाक वीडियो वायरल

punjabkesari.in Monday, Aug 25, 2025 - 07:53 AM (IST)

Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां थाना फेस-2 क्षेत्र के सेक्टर-110 स्थित एक सरकारी अस्पताल के बाहर आवारा कुत्तों ने तीन महीने के भ्रूण को नोच डाला। यह घटना शुक्रवार को हुई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, एक गर्भवती महिला को बीते शुक्रवार को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि महिला सीढ़ियों से गिरने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उस समय वह तीन महीने की गर्भवती थी। इलाज के दौरान महिला का गर्भपात (miscarriage) हो गया।

भ्रूण को थैली में बाहर छोड़ गया पति
अस्पताल प्रशासन ने गर्भपात के बाद भ्रूण को महिला के पति को सौंप दिया। उस समय महिला का पति दवाइयां लेने अस्पताल के भीतर चला गया और भ्रूण को थैली में पैक करके अस्पताल के बाहर छोड़ गया। इसी बीच आवारा कुत्तों ने थैली को खींच लिया और भ्रूण को बाहर निकालकर नोचना शुरू कर दिया।

लोगों ने कुत्तों से छीना भ्रूण, मचा हड़कंप
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो वह हैरान और गुस्से से भर गए। किसी तरह उन्होंने भ्रूण को कुत्तों से छुड़ाया और तुरंत इस बारे में अस्पताल प्रशासन को जानकारी दी। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

लोगों में आक्रोश, CMO को लिखा गया पत्र
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि भ्रूण को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी अस्पताल की थी, लेकिन उन्होंने इसे परिजनों को देकर खुद को जिम्मेदारी से अलग कर लिया। लोगों ने इस लापरवाही को लेकर सीएमओ (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) को शिकायत पत्र भी सौंपा है।

पुलिस जांच में जुटी, कर दिया गया अंतिम संस्कार
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बाद में भ्रूण को दोबारा परिजनों को सौंप दिया गया और उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अधिकारियों ने माना कि यह घटना अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static