धारदार हथियार से गला काटकर किसान की निर्मम हत्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 06:26 PM (IST)

मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सोमवार को एक खेत में 54 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना सरायलाखंसी इलाके के गर्थोली गांव की है और व्यक्ति की गला रेतकर हत्या की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, खेत में काम कर रही महिलाओं ने शव देखा और शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में गांव वाले मौके पर जमा हो गए और पुलिस को घटना की सूचना दी गयी। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान शिववचन कुमार के रूप में हुई है।

कुमार ने बताया, "शिववचन रविवार शाम को किसी काम के लिए घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। उनका शव सोमवार दोपहर को खेत में मिला।" उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि व्यक्ति का गला रेता गया था और उसके हाथ व पैरों पर भी चोट के निशान थे।

अधिकारी ने बताया, "शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। टीमें बनाकर हमलावरों की पहचान करने और उन्हें ढूंढने की कोशिश की जा रही है।" पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static