Loksabha Election 2019: एक नजर गोंडा लोकसभा सीट पर

punjabkesari.in Sunday, May 05, 2019 - 04:48 PM (IST)

गोंडा: उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर 7 चरणों में चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण के अंतर्गत 8 और दूसरे चरण के अंतर्गत 8, तीसरे चरण के अंतर्गत 10 और चौथे चरण में 13 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुके हैं। वहीं 6 मई को पांचवें चरण में 14 लोकसभा सीटों धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फैजाबाद, बहराइच, कैसरगंज और गोंडा में मतदान होने जा रहे हैं। इस खबर में हम आपको गोंडा लोकसभा सीट के बारे में बताने जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से एक गोंडा लोकसभा सीट है। अयोध्या के करीब होने के कारण गोंडा का संबंध पुरातन काल से बताया जाता है। माना जाता है कि कौशल राजा की यह गोचर धरती थी और इक्ष्वाकु वंश के राजा दिलीप ने यहां पर नन्दिनी की सेवा की थी। इतना ही नहीं महान वशिष्ठ ऋषि का आश्रम भी यहीं पर था। राम की नगरी अयोध्या के करीब होने के कारण यह धरती ऋषि-मुनियों के आने और तप करने की खास जगह थी। आपको बता दें कि गोंडा लोकसभा सीट का गठन 1952 में हुआ था और तब इस सीट को गोंडा उत्तर सीट के नाम से जाना जाता था।

साल 1952 में इस सीट पर पहली बार हुए चुनाव में चौधरी हैदर हुसैन ने जीत हासिल की थी तो वहीं 1957 में हुए चुनाव में कांग्रेस के दिनेश प्रताप सिंह अपना परचम लहराने में कामयाब रहे थे, जिसके बाद 1962 और 1967 में हुए चुनाव में भी कांग्रेस ने भी गोंडा लोकसभा में जीत हासिल की। साल1962 में जहां राम रतन तो 1967 में एस कृपाल ने जीत हासिल की थी। वहीं अगर बात पिछले तीन चुनावों की करें तो 2004 में इस सीट पर सपा के कीर्ति वर्धन सिंह ने अपना परचम लहराया था तो 2009 के चुनाव में कांग्रेस के बेनी प्रसाद वर्मा ने बाजी मारी थी। वहीं 2014 की मोदी लहर में कीर्तिवर्धन सिंह इस सीट पर अपना कब्जा जमाना में कामयाब रहे थे।

जिला विधानसभा क्षेत्र
उतरौला बलरामपुर
गोंडा गौरा, गोंडा, मनकापुर, मेहनौन


आपको बता दें कि गोंडा लोकसभा क्षेत्र की 5 विधानसभा सीटों पर इस वक्त बीजेपी का कब्जा है। इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में गोंडा में कुल मतदाताओं की संख्या 17 लाख 54 हजार 478 है, जिसमें मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 54 हजार 654, महिला मतदाताओं की संख्या 7 लाख 99 हजार 750 और ट्रांस जेंडर के कुल 74 मतदाता शामिल हैं।

एक नजर साल 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर 
साल 2014 में इस सीट पर बीजेपी के कीर्तिवर्धन सिंह ने 3 लाख 59 हजार 639 वोटों के साथ जीत हासिल की थी। वहीं सपा की नंदिता शुक्ला 1 लाख 99 हजार 227 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहीं थी...जबकि बसपा के अकबर अहमद डम्पी को 1 लाख 16 हजार 178 वोट मिले थे और उनको तीसरे स्थान पर रहना पड़ा था।

एक नजर साल 2009 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर 
साल 2009 की बात करें तो कांग्रेस के बेनी प्रसाद वर्मा ने 1 लाख 55 हजार 675 वोटों के साथ जीत हासिल की थी। वहीं बसपा के कीर्ति वर्धन सिंह 1 लाख 32 हजार वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि बीजेपी के राम प्रताप सिंह को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था और उनको 90 हजार 498 वोट मिले थे।

एक नजर साल 2004 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर 
अगर बात साल 2004 में हुए लोकसभा चुनाव की करें तो गोंडा लोकसभा सीट पर सपा के कीर्ति वर्धन सिंह ने अपना परचम लहराया था और उन्हें 2 लाख 51 हजार 947 वोट मिले थे। वहीं बीजेपी के घनश्याम शुक्ला 2 लाख 14 हजार 949 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि बसपा के फज़लुल बरी को सिर्फ 69 हजार 543 वोट मिले थे और वो तीसरे स्थान पर रहे थे।

Nitika