Loksabha Election 2019: एक नजर जौनपुर लोकसभा सीट पर

punjabkesari.in Saturday, May 11, 2019 - 11:31 AM (IST)

जौनपुरः उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर 7 चरणों में चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण के अंतर्गत 8 और दूसरे चरण के अंतर्गत 8, तीसरे चरण के अंतर्गत 10, चौथे चरण में 13 और पांचवें चरण में 14 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुके हैं। वहीं 12 मई को छठे चरण में 14 लोकसभा सीटों सुलतानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर, भदोही में मतदान होने जा रहे हैं। इस खबर में हम आपको जौनपुर सीट के बारे में बताने जा रहे हैं।

पुरातात्विक धरोहरों के लिए जाना जाता है जौनपुर
बता दें कि जौनपुर की स्थापना 14वीं शताब्दी में फिरोज शाह तुगलक ने अपने भाई मुहम्मद बिन तुगलक की याद में की थी। इसका वास्तविक नाम जौना खां था जो बदलकर जौनपुर हो गया। जौनपुर अपने पुरातात्विक धरोहरों के लिए भी जाना जाता है। यहां पर स्थापित अटाला मस्जिद, शाही किला, शाही पुल करीब 600 वर्षों से लोगों को आकर्षित कर रहे हैं और इन्हें देखने के लिए हर साल काफी टूरिस्ट यहां आते हैं। अगर बात जौनपुर लोकसभा सीट के राजनीतिक इतिहास की करें तो इस सीट पर 1957 में पहली बार चुनाव हुए। जिसमें कांग्रेस के गणपत राम ने जीत दर्ज की, जिसके बाद 1962 में जनसंघ के ब्रह्मजीत सिंह ने इस सीट पर कब्जा जमाया। वहीं 1967 में कांग्रेस ने वापसी की और 1971 में हुए चुनाव में भी इस सीट पर जीत दर्ज की।

1977 में भारतीय लोकदल, 1980 में जनता पार्टी सेक्युलर और 1984 में फिर जौनपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस विजयी हुई। वहीं 1989 में बीजेपी ने बाजी मारी तो 1991 में अर्जुन सिंह यादव ने पहली बार इस सीट पर जनता दल को जीत दिलाई, लेकिन 1996 में बीजेपी ने इस सीट पर कब्जा जमा लिया। वहीं 1998 में समाजवादी पार्टी के पारसनाथ यादव जौनपुर से जीतकर लोकसभा पहुंचे और 1999 में बीजेपी ने सपा से एक साल पहले हुई अपनी हार का बदला ले लिया। साल 2004 में यहां सपा ने अपना परचम लहराया, लेकिन 2009 में बसपा के दिग्गज धनंजय सिंह ने सपा से ये सीट छीन ली। वहीं साल 2014 में इस सीट पर भगवा फहराया और कृष्ण प्रताप यहां से सांसद चुने गए।

जौनपुर लोकसभा क्षेत्र

जौनपुर संसदीय क्षेत्र में 5 विधानसभा सीटें बादलपुर, शाहगंज, जौनपुर, मल्हानी और मुंगरा बादशाहपुर आती हैं और ये सभी सीटें जौनपुर जिले में शामिल हैं।

2019 में होने वाले चुनाव के आंकड़ों पर नजर

इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में जौनपुर में कुल मतदाताओं की संख्या 17,74,986 है। जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 9,43,229, महिला मतदाताओं की संख्या 8,31,683 और ट्रांस जेंडर के कुल 74 मतदाता शामिल हैं।

एक नजर 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर

अब एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर डालें तो साल 2014 में इस सीट पर बीजेपी के कृष्ण प्रताप ने जीत हासिल की थी और उन्हें 3,67,149 वोट मिले थे। वहीं बसपा के सुभाष पांडेय 2,20,839 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। जबकि सपा के पारसनाथ यादव 1,80,003 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। 

लोकसभा चुनाव 2009 के नतीजे

साल 2009 में हुए लोकसभा चुनाव पर नजर डालें तो बसपा के धनंजय सिंह ने 3,02,618 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं सपा के पारसनाथ यादव 2,22,267 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे, जबकि बीजेपी की सीमा को तीसरे स्थान पर रहना पड़ा और उन्हें 1,43,377 वोट मिले।

लोकसभा चुनाव 2004 के नतीजे

वहीं साल 2004 में हुए लोकसभा चुनाव पर नजर डालें तो सपा के पारसनाथ यादव ने जीत दर्ज की थी और उन्हें 2,19,614 वोट मिले थे। वहीं बसपा के ओम प्रकाश दुबे 1,92,489 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे, जबकि LJNSP के धनंजय सिंह 1,17,397 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

Deepika Rajput