Loksabha Election 2019: एक नजर कौशांबी लोकसभा सीट पर

punjabkesari.in Sunday, May 05, 2019 - 01:13 PM (IST)

कौशांबीः उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर 7 चरणों में चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण के अंतर्गत 8 और दूसरे चरण के अंतर्गत 8, तीसरे चरण के अंतर्गत 10 और चौथे चरण में 13 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुके हैं। वहीं 6 मई को पांचवें चरण में 14 लोकसभा सीटों धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फैजाबाद, बहराइच, कैसरगंज और गोंडा में मतदान होने जा रहे हैं। इस खबर में हम आपको कौशांबी लोकसभा सीट के बारे में बताने जा रहे हैं।

चायल लोकसभा सीट के नाम से जाना जाता था कौशांबी
कौशांबी लोकसभा सीट सुरक्षित सीटों में से एक है। यह सीट परिसीमन के बाद 2008 में अस्तित्व में आई। सीट का गठन प्रतापगढ़ जिले की दो विधानसभाओं और कौशांबी जिले को मिलाकर किया गया। इस संसदीय सीट पर रघुराज प्रताप सिंह का काफी राजनीतिक दखल है। ऐसे में 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है। इस सीट पर अभी तक दो लोकसभा चुनाव हुए हैं। इस सीट से एक बार सपा और एक बार बीजेपी ने जीत दर्ज की है। 2009 के चुनाव में सपा से शैलेंद्र कुमार सांसद बने। 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी से विनोद कुमार सोनकर यहां से सासंद बने।

इससे पहले यह सीट चायल लोकसभा सीट के नाम से जानी जाती थी। चायल लोकसभा सीट होने पर यहां 1952 में लोकसभा चुनाव हुए और कांग्रेस प्रत्याशी मसुरिया दीन सांसद बने। मसुरिया दीन यहां से 4 बार सांसद रहे। सपा प्रत्याशी शैलेंद्र कुमार चायल सीट से 3 बार सांसद बने। इसी प्रकार चायल सीट 2 बार बीजेपी के खाते में गई। पहली बार डॉ. अमृतलाल भारतीय और दूसरी बार विनोद सोनकर सांसद हुए।

कौशांबी लोकसभा में आती हैं 5 विधानसभा सीट

कौशांबी लोकसभा में पांच विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें प्रतापगढ़ जिले की कुंडा और बाबागंज विधानसभा सीट शामिल हैं। जबकि कौशांबी जिले की मंझनपुर, चैल और सिराथू सीट हैं। इनमें से बाबागंज और मंझनपुर की विधानसभा सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।

2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने मंझनपुर, चायल और सिराथू सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की, लेकिन प्रतापगढ़ की दोनों सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते। इनमें से एक सीट पर राजा भैया विधायक हैं तो दूसरी भी राजा भैया के समर्थित प्रत्याशी की है।

एक नजर 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के आंकड़ों पर

2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में फतेहपुर सीट पर कुल 17,65,23 वोटर अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 9,49,193 है। जबकि महिला वोटरों की संख्या 8,15,565 है। वहीं ट्रांस जेंडर वोटरों की संख्या 265 है।

एक नजर 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर

2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी से विनोद सोनकर यहां से जीत कर संसद पहुंचे। विनोद को कुल 3,31,724 वोट मिले थे। वहीं दूसरे नंबर पर सपा के शैलेंद्र कुमार थे, जिन्हें 2,88,824 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर बसपा के सुरेश पासी थे, जिन्हें 2,1,322 वोट मिले थे।

लोकसभा चुनाव 2009 के नतीजे

2009 में हुए लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी शैलेंद्र कुमार यहां से सांसद बने। शैलेंद्र को कुल 2,46,501 वोट मिले थे। वहीं दूसरे नंबर पर बसपा के गिरीश चंद्र पासी रहे, जिन्हें 1,90,712 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर कांग्रेस के राम निहोर राकेश रहे, जिन्हें 40,765 वोट मिले।

Deepika Rajput