खाना बनाते समय चली तेज आंधी; भीषण आग लगने से 12 घर जले, मां-बेटी की मौत और बच्ची झुलसी
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 09:48 AM (IST)
सीतापुर: सीतापुर जिले में एक भीषण हादसा हो गया। यहां पर सदरपुर थाना क्षेत्र में तेज आंधी के बीच एक घर में खाना बनाते समय अचानक आग लग जाने से करीब 12 घर आग की चपेट में आ गए। इस हादसे में 12 घर जलकर राख हो गए और एक मां बेटी की मौत हो गई। वहीं एक बच्ची भी बुरी तरह से झुलस गई। गनीमत रही कि पानी बरसने लगा और आग ज्यादा नहीं फैली।
घर की छत पर खाना बनाते समय लगी आग
सीतापुर के जिलाधिकारी (डीएम) राजागणपति आर ने बताया कि सदरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के सरैया चलाकापुर गांव निवासी संजय के घर की छत पर खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। आंधी-तूफान के बीच छत से आग आसपास के घरों में फैल गई और वे भी आग की चपेट में आ गए। परिणामस्वरूप आस पास स्थित 12 घरों की छतें और झोपड़ियां प्रभावित हुईं।
बच्ची का हो रहा इलाज
डीएम ने बताया कि मृतकों की पहचान फूलमती (45) और इदुरा (65) के रूप में हुई है, जबकि सात वर्षीय बच्ची झुलस गई है। उसका इलाज बिसवां के एक चिकित्सालय में हो रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और आग पर मौके पर ही काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

