Basti: पुलिस ने 50 हजार के इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार, Encounter में ऐसे बची थानेदार की जान

punjabkesari.in Sunday, Mar 14, 2021 - 01:21 PM (IST)

बस्ती: उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के परशुरामपुर क्षेत्र में रविवार को हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार रूपए के दुर्दांत अपराधी को गिरफ्तार कर लिया, हालांकि उसके 2 साथी भागने में सफल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुनीम लूट कांड के आरोपी दीपक शुक्ला को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में आरोपी दीपक शुक्ला, सिपाही मनोज राय गोली लगने से घायल हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए परशुरामपुर अस्पताल मे भर्ती कराया गया था। जहां दोनो की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है।

जानकारी मुताबिक बदमाश ने प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा को भी गोली मारी लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली फंस जाने से वे बाल-बाल बच गए। बदमाश के कब्जे से एक पिस्टल और गोलियां बरामद की गईं। दीपक शुक्ला की गिरफ्तारी पर 50 हजार रूपए का इनाम घोषित था, इसके 2 साथी भागने में सफल हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इससे पहले 9 मार्च को भी मुनीम लूट कांड के 3 आरोपियों दुर्गेश मिश्र, अंकित शुक्ला और चन्दन तिवारी को पुलिस ने मुठभेड़ मे गिरफ्तार किया था।

Content Writer

Anil Kapoor