मैट्रिमोनियल साइट पर मिली लुटेरी दुल्हन, लाखों का चूना लगाकर हुई रफूचक्कर

punjabkesari.in Tuesday, Jan 19, 2021 - 06:13 PM (IST)

लखनऊः अगर आपकी शादी नहीं हुई है और आप मैट्रिमोनियल साइट के जरिए अपनी दुल्हन ढूंढ रहे हैं तो थोड़ा होशियार रहें क्योंकि आजकल मैट्रिमोनियल साइट के जरिए फ्रॉड के मामले काफी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में देखने को मिला जहां एक लुटेरी दुल्हन शादी से पहले होने वाले दूल्हे को लाखों रुपए का चूना लगाकर रफूचक्कर हो गई।

बता दें कि मामला 16 दिसंबर का है जब युवक की शादी होनी थी लेकिन उससे पहले ही लड़की उसे लूट कर फरार हो गई। मनोज अग्रवाल नाम के युवक की मेट्रो मोनियल वेबसाइट  jeevansathi.com  पर एक लड़की से जान पहचान हुई जिसके बाद बात शादी तक पहुंची थी पर शादी होने से पहले ही लुटेरी दुल्हन ने लाखों का चूना लगाकर रफूचक्कर हो गई। लुटेरी दुल्हन ने युवक से लाखों रुपए की ठगी की और उसके बाद से ही लुटेरी दुल्हन का और उसके परिजनों का नंबर बंद हो गया।

इस बाबत पुलिस ने बताया कि प्राग नारायाण रोड निवासी मनोज अग्रवाल ने जीवन साथी मेट्रीमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बना रखी थी। 15 अगस्त को उस पर प्रियंका सिंह की रिक्वेस्ट आयी। दोनों की बातचीत शुरू हुई। इस दौरान उसने युवक को आइएएस का पति बनने का लालच दिया। प्रियंका ने कहा कि उसने हाल में ही आयकर विभाग की नौकरी छोड़ी है, अब आइएएस की तैयारी कर रही है। जल्‍द ही तुम आइएएस के पति बनोगे। अपनी लच्छेदार बातों में प्रियंका ने मनोज को फंसा लिया। दोनों के बीच शादी की बात शुरू हो गई।

वाट्सएप चैटिंग के दौरान प्रियंका ने साथ जीने मरने की कसमें खाईं। प्रिंयका ने बताया कि वह मूलरूप से नदवा बिहार की रहने वाली है। उसके माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। नदवा में उसकी करोड़ों की जमीन है। जिसकी वही वारिस है। इसके बाद प्रियंका ने अपनी मौसी से मनोज की मुलाकात कराई। आगे बता दें कि 16 दिसंबर शादी की तिथि तय हो गई। शादी की तिथि तय होने के बाद प्रियंका ने कहा कि कहीं से उसे रुपये मिलना था नहीं मिल पाए हैं। इसलिए मनोज से उसने रुपयों की मांग की। मनोज ने प्रियंका के खाते में पहले छह लाख और फिर चार लाख डाल दिए। रुपये खाते में पहुंचते ही प्रियंका और उसकी मौसी ओर अन्य लोगों के नंबर स्विच ऑफ हो गए। कई दिन तक नंबर जब नहीं लगे तो मनोज ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।

 

 

Moulshree Tripathi