गालीबाज त्यागी की कार पर चस्पा मिला विधायकों को मिलने वाला विशेष स्टीकर, स्वामी प्रसाद मौर्य के नाम विधानसभा से है आवंटित

punjabkesari.in Tuesday, Aug 09, 2022 - 10:19 PM (IST)

नोएडा/मेरठ: उत्तर प्रदेश के नोएडा में पिछले सप्ताह एक महिला से अभद्रता करने के आरोप में फरार चल रहे प्रॉपर्टी डीलर श्रीकांत त्यागी को नोएडा पुलिस ने मंगलवार को सुबह मेरठ से तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में पता चला है कि त्यागी ने अपनी कार पर विधायकों को मिलने वाला विशेष स्टीकर भी चस्पा कर रखा था, यह स्टीकर हाल ही में विधान परिषद सदस्य बने समाजवादी पार्टी (सपा) के स्वामी प्रसाद मौर्य के नाम पर विधान सभा से आवंटित किया गया था।  नोएडा के पुलिस आयुक्त आलोक कुमार सिंह ने देर शाम संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।

सिंह ने बताया कि त्यागी के खिलाफ गैगस्टर एक्ट के तहत दर्ज किये गये मामले में कार्रवाई करते हुए उसे आज सुबह मेरठ से गिरफ्तार कर नोएडा लाया गया था। खुद को प्रभावशाली बिल्डर और भाजपा नेता बताने वाले त्यागी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसके पास पांच लग्जरी कारें हैं। इनमें से एक फॉर्च्यूनर कार पर उसने विधान सभा से विधायकों को मिलने वाला खास स्टिकर चस्पा किया था। त्यागी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि हाल ही में संपन्न हुए विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़ कर सपा में शामिल हुए मौर्य से यह स्टिकर उसे मिला था।       

उन्होंने बताया कि आरोपी श्रीकांत त्यागी लगातार पत्नी और अपने वकील से मोबाइल फ़ोन पर बात करने की कोशिश कर रहा था। मोबाइल लोकेशन से ही पुलिस उस तक पहुंच सकी और उसे गिरफ्तार कर लिया। त्यागी अदालत में आत्मसमर्पण करने की फिराक में था। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस घटना से जुड़े एक वायरल वीडियो पर संज्ञान लेकर संबंधित एसएचओ को वीडियो की पुष्टि करने एवं पीड़ित परिवार से संपर्क कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। यह घटना 05 अगस्त को घटित हुयी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।       

पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहले आठ टीमों का गठन किया गया था। जिसमें महिला सुरक्षा की अधिकारी भी शामिल थीं। इसके बाद जरूरत पड़ने पर 12 टीमों का गठन किया गया। इसके साथ ही मुख्य आरोपी का लगातार पीछा किया गया। इस दौरान आरोपी उत्तर प्रदेश की सीमाओं से बाहर भी गया। पुलिस टीम ने तकनीकि की भी मदद लेकर उसे पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि इस विवाद के पीछे नोएडा स्थित सेक्टर 93 में वह जमीन थी, जिस पर पेड़ लगाने को लेकर त्यागी ने उक्त महिला के साथ सरेआम अभद्रता की थी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आरोपी ने वारदात के बाद दिल्ली से एयरपोर्ट की तरफ जाने की कोशिश की थी, लेकिन घटना का वीडियो काफी वायरल हो चुका था, इसलिये वह मेरठ चला गया। अगले दिन, शनिवार को वह हरिद्वार पहुंचा। वहां से रविवार को वह वापस उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश किया और इस दिन मेरठ और मुजफ्फरनगर सहित आसपास के इलाकों में उसकी सक्रियता देखी गई। इस दौरान उसने न केवल खुद को छुपाया बल्कि लगातार स्थान भी बदलता रहा। पुलिस को चकमा देने के लिए शातिर श्रीकांत त्यागी ने वाहन भी बदले।       

उन्होंने बताया कि पुलिस उसकी हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए थी। इस दौरान लगातार उसके साथ रहे करीबी सहयोगी नकुल त्यागी, संजय और कार चालक राहुल को भी गिरफ्तार किया गया है। सिंह ने कहा कि त्यागी के पास से जो वाहन मिले हैं, सभी का पंजीकरण नंबर 001 है। आरोपी ने अपनी सभी कार का यह नंबर पाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए हैं। पुलिस ने अभी तक उसकी पांच कार बरामद की हैं। इनमें दो टोयोटा फॉर्च्यूनर, दो टाटा सफारी और एक होंडा सिविक शामिल हैं। कुछ कार इसके अपने नाम पर पंजीकृत हैं और कुछ इसकी पत्नी के नाम पर हैं।       

उन्होंने कहा कि त्यागी को गाजियाबाद से एक गनर मिलने के मामले की भी पुलिस जांच कर रही है। सिंह ने कहा कि पूछताछ के दौरान त्यागी ने महिला के साथ उसके द्वारा की गई अभद्रता के लिए खेद भी जताया है। त्यागी ने स्वीकार किया कि उसने आवेश में आकर इस तरह का बर्ताव किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static