कन्नौज: रेलिंग तोड़कर नहर में गिरी तेज रफ्तार बस, 25 यात्री घायल

punjabkesari.in Friday, Jul 26, 2019 - 10:38 AM (IST)

कन्नौज: कुछ दिन पूर्व यमुना एक्सप्रेसवे पर नाले में रोडवेज बस गिरने से करीब 29 यात्रियों की मौत हो गयी थी। जिसके बाद रोडवेज प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के कई दावे किये थे लेकिन ये दावे सिर्फ कागजों में ही सीमित होकर रह गए हैं। इन दावों की पोल एक और रोडवेज बस हादसे ने खोलकर रख दी है। 

मामला यूपी के कन्नौज जिले का है। यहां एक बार फिर तेज रफ्तार अनियंत्रित रोडवेज बस पुलिया की रेलिंग तोड़कर छोटी नहर में जा गिरी। गनीमत यह रही कि जिस वक्त बस नहर में गिरी उस वक्त उसमें पानी नहीं था। अगर पानी होता तो यहां घायलों की जगह मौतों की संख्या गिनी जाती। फिलहाल हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को बस से बाहर निकालकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुँचाया। घायलों की संख्या करीब 25 बताई जा रही है जिसमें 11 यात्रियों की हालत नाजुक है। कुछ गम्भीर घायलों को कानपुर रेफर किया गया है। 

दिल्ली के आनंद विहार से कानपुर की तरफ जा रही थी बस
घटना इंदरगढ़ थाना के मडपुरा गांव के पास सुबह करीब 5:30 बजे की है। यहां दिल्ली के आनंद विहार से कानपुर की तरफ जा रही थी। रोडवेज बस छोटी सी पुलिया पर अनियंत्रित होकर सूखी नहर में जा गिरी। बस के नहर में गिरते ही चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल यात्रियों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद से चालक व परिचालक फरार बताए जा रहे है। मेडिकल कालेज के सीएमएस डॉ दिलीप सिंह ने बताया की 10-12 मरीज आये थे जिनकी हालत स्थिर है। एक को कानपुर रेफर किया गया है।

Ajay kumar