गोरखपुर: यज्ञ के दौरान बिदके हाथी ने कई लोगों को कुचला, तीन की मौके पर हुई दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Friday, Feb 17, 2023 - 09:33 AM (IST)

गोरखपुर(रूद्र प्रताप सिंह): उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गोरखपुर (Gorakhpur) जिले में एक दर्दनाक हादसा (Tragic Accident) हो गया। जहां यज्ञ (Yagya) के दौरान बिदके हाथी (Elephant) ने गांव में जमकर तांडव मचाया। जिसमें 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत (Death) हो गई, वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल (Injured) हुए हैं। घायलों को इलाज (Treatment) के लिए जिला अस्पताल (Hospital) भेजा गया है। घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए सभी मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।

गुस्साए हाथी ने कई लोगों को रौंदा, 3 की मौके पर दर्दनाक मौत
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर जिले के तिवारीपुर क्षेत्र के जगतबेला स्थित मोहम्मदपुर माफी गांव में आयोजित यज्ञ समारोह के दौरान एक हाथी बिदक (भड़क) गया। गुस्साए हाथी ने कई लोगों को रौंद दिया है। बताया जाता है कि हाथी को यज्ञ में बुलाया गया था। उसने पंडाल में जमकर तांडव मचाया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हाथी तांडव मचाते हुए सड़क पर दौड़ने लगा। इस दौरान जो भी उसके रास्ते में आया, वह उसे कुचलते चला गया। बताया जा रहा है कि यज्ञ के दौरान बहुत शोर हो रहा था। कुछ लोग हाथी को छेड़ भी रहे थे। इससे वह बिदक गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे
आपको बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी पहुंच गए। हाथी गांव के अंदर से होते हुए खेत में भाग गया है। उसे काबू में करने की कोशिश हो रही है। सनकी हाथी के कुचलने से कौशल्या देवी पत्नी दिलीप मद्धेशिया उम्र 50 वर्ष और कांति देवी पत्नी शंकर उपाध्याय उम्र 55 वर्ष की मौत हो गई। एक कृष्णा नाम का लड़का जो गांव में अपने ननिहाल आया था उसे भी हाथी ने रौंद दिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी भी जान नहीं बच सकी। तीनों की मौत से सभी परिवारों में कोहराम मचा है। वहीं घटनास्थल का पुलिस अधीक्षक उत्तरी और वन विभाग के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

Content Editor

Anil Kapoor