घाघरा नदी किनारे भैंस नहला रहा था किशोर, गर्दन पकड़कर पानी में खींच ले गया मगरमच्छ; देखें वीडियो

punjabkesari.in Monday, Jun 23, 2025 - 01:14 PM (IST)

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर घाघरा नदी के किनारे भैंस नहला रहे एक किशोर को मगरमच्छ ने नदी में खींच लिया। बताया जा रहा है मगरमच्छ ने पहले किशोर का पैर पकड़कर उसे नीचे गिराया और फिर उसकी गर्दन दबोच कर पानी में ले गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

बच्चे की तलाश जारी 
जानकारी के मुताबिक, ये हादसा उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के सोनौली मोहम्मदपुर गांव में हुआ। गांव के रहने वाले कुंवर बहादुर यादव का पुत्र राजा बाबू उर्फ नान यादव (13) नदी के किनारे भैंस नहला रहा था। तभी एक मगरमच्छ अचानक पानी से बाहर आया और उसे अपने जबड़े में दबोच कर नदी में खींच ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लगभग पांच घंटे तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू किया गया है। 

'पहले बच्चे के पैर को जबड़े में लिया फिर...'
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मगरमच्छ ने पहले बच्चे के पैर को जबड़े में लिया और उसे गिराने के बाद गर्दन पकड़कर पानी में खींच ले गया। यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि बच्चा संभल भी नहीं पाया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर मदद करने की कोशिश की लेकिन कोई भी पानी में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

 

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल 
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मगरमच्छ बच्चे को दबोचे हुए पानी में ले जाता दिखाई दे रहा है। ये वीडियो एक्स पर @SachinGuptaUP नाम के यूजर ने शेयर किया है। वीडियो में कुछ सेकंड के लिए बच्चे का सिर पानी के ऊपर आता है, फिर मगरमच्छ उसे नीचे खींच लेता है और कुछ देर बाद दोनों नदी में पूरी तरह गायब हो जाते हैं। यह क्षेत्र घाघरा नदी के किनारे स्थित है और स्थानीय लोगों के अनुसार नदी में पानी बढ़ने के साथ मगरमच्छों की आवाजाही गांव के आसपास बढ़ जाती है। स्थानीय निवासी बताते हैं कि इस क्षेत्र में मगरमच्छ अक्सर दिखाई देते हैं और यह घटना पिछले एक महीने में दूसरी ऐसी घटना है, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static