चार्जिंग पर लगे ई-रिक्शा को पकड़ने पर 2 वर्षीय मासूम का हुआ ऐसा हाल, परिवार में मचा कोहराम

punjabkesari.in Saturday, Apr 28, 2018 - 11:30 AM (IST)

कन्नौजः उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से बेहद दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां खेलते हुए एक मासूम बच्चे ने चार्जिंग हो रहे ई-रिक्शा को पकड़ लिया। तभी वह करंट की चपेट में आ गया। इस हादसे के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक मामला छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कालोनी का है। यहां ब्लाक 87 में अतीक अपने परिवार के साथ रहता है। वहीं ब्लाक 86 में कुछ ई-रिक्शा चालक बैट्री चार्जिंग के लिए रिक्शा लेकर आते हैं। तभी अतीक का 2 वर्षीय बेटा आशिक घर के बाहर खेल रहा था। वह खेलते-खेलते रिक्शा के पास पहुंच गया। इसी दौरान आशिक ने रिक्शा को पकड़ लिया और वह करंट की चपेट में आ गया। आशिक वहीं पर बेहोश होकर गिर पड़ा।

बच्चे के परिजन काफी देर बाद घर से बाहर निकले तो आशिक बेहोश पड़ा हुआ था। तभी परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चे के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं इस घटना की खबर मिलते ही रिक्शा चालक चार्जिंग पर लगे रिक्शे को लेकर फरार हो गया।

बच्चे के परिजनों ने इसकी शिकायत थाने में की। पुलिस ने रिक्शा वाले को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिला। साथ ही बच्चे के परिजनों ने बच्चा का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। जिसके बाद पुलिस ने बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार्जिंग के अवैध कारोबार करने वाले 2 लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया है। 
 

Tamanna Bhardwaj