विधवा महिला से दबंगों ने की जमकर मारपीट, फिर निर्वस्त्र कर गली में घुमाया, पुलिस पर लगाया कार्रवाई न करने का आरोप
punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 01:30 PM (IST)
शाहजहांपुर न्यूज: यूपी के शाहजहांपुर से एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि कुछ दबंगों ने उसके साथ मारपीट की है। इतना ही नहीं उन्होंने निर्वस्त्र कर गली में घुमाया है। महिला ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की। उसका आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने मामले को दबाने की कोशिश की है। इसके बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
अब जानिए पूरा मामला
यह घटना जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र की है। यहां की रहने वाली एक महिला ने पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर अपना शिकायत पत्र दिया है। महिला ने बताया कि 5 साल पहले उसके पति की मौत हो चुकी है। उसने कहा कि मेरा बेटा और गांव के ही रहने वाले शिवकुमार की बेटी कुछ दिन पहले घर से भाग गए थे। इस बात को लेकर लड़की वाले लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे थे। इसलिए वह अपने रिश्तेदारों के यहां चली गई। कुछ दिनों बाद जब पुलिस ने लड़के और लड़की दोनों को पकड़ लिया तो महिला थाने पहुंची। जहां महिला ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा कि हम अपने गांव जाकर मकान से कुछ जरूरी सामान निकालना चाहते हैं तो पुलिस ने महिला को अकेले ही गांव भेज दिया।
महिला से की जमकर मारपीट
जब महिला अपने घर पहुंचीं तो लड़की पक्ष के पुरुषों और महिलाओं ने विधवा महिला के घर पर धावा बोल दिया। उन्होंने उनके घर घुसकर तोड़फोड़ की, फिर उसके बाल पड़कर बाहर खींच ले गए और उसे निर्वस्त्र कर गली में घुमाते हुए चौराहे तक लाए। इस दौरान मौके पर पहुंचे एक पुलिसकर्मी ने निर्वस्त्र महिला के ऊपर गमछा डाला और उसे ढकने के बाद थाने जाकर घटना बताई। महिला का आरोप है कि मदनापुर थाना प्रभारी निरीक्षक विश्वजीत प्रताप सिंह ने महिला को थाने बुलवाकर और उस पर दबाव बनाते हुए सादे कागज पर अंगूठा लगवा लिया और सिर्फ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामला दबा दिया। इसके बाद महिला पुलिस अधीक्षक के पास न्याय की गुहार लेकर पहुंचीं है। उसने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं होगी तो वो आत्महत्या कर लेगी।

