ब्लैकमेल कर रहे मनचले को सबक सिखाने के लिए बेंगलुरु से मेरठ पहुंची महिला, यूं सिखाया सबक

punjabkesari.in Thursday, Sep 15, 2022 - 05:35 PM (IST)

मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक महिला की बहादुरी का ताजा मामला सामने आया है। यहां पर एक महिला सिरफिरे आरोपी को सबक सिखाने के लिए बेंगलुरु से मेरठ पहुंच गई। दरअसल, जिले में रहने वाले एक युवक ने पहले महिला के साथ सोशल मीडिया पर दोस्ती की और फिर उसे बहला फुसलाकर अवैध संबंध भी बनाए। इसके बाद वह महिला को ब्लैकमेल करने लगा और उसके अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर डालने लगा। इसके अलावा वह महिला के साथ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करता था। जिससे परेशान होकर महिला बेंगलुरु से मेरठ आ गई और पुलिस को सूचना देकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि यह मामला जिले के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र का है। यहां कुछ समय पहले बेंगलुरु की रहने वाली एक महिला की मेरठ के रहने वाले जुबैर से दोस्ती हो गई। पहले तो बातचीत और व्यवहार ठीक लगा। दोनों के बीच अवैध संबंध भी बने और जुबैर ने चोरी छुपे महिला के अंतरंग फोटो ले लिए। लेकिन इसके बाद जुबैर महिला को परेशान करने लगा। कभी सोशल मीडिया पर उसके अश्लील फोटो अपलोड कर देता तो कभी अश्लील चैटिंग करने लगता। इस बात से महिला के परिजन भी परेशान हो गए। उन्होंने ऐतराज भी किया, लेकिन आरोपी नहीं माना। फिर महिला ने उसे सबक सिखाने के लिए खुद ही सख्त कदम उठाया। उसने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करा कर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

आरोपी को किया गिरफ्तार
ब्लैकमेल कर परेशान करने वाले आरोपी की हरकतों से परेशान महिला उसे सबक सिखाने के लिए फ्लाइट से दिल्ली एयरपोर्ट उतरी और फिर वहां से टैक्सी की मदद लेकर मेरठ आई। इसके बाद वह बुधवार रात करीब 12:00 बजे वह थाने पहुंची। जहां बेंगलुरु से आई महिला को देखकर पुलिस भी हरकत में आ गई। खुद इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह आनन-फानन में थाने पहुंचे और महिला को परेशान देखकर शिकायत दर्ज कर ली। फिर महिला की तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस जुट गई। पुलिस ने मामले की पूरी जांच कर कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि, आरोपी पर कार्रवाई कर पुलिस उसे जल्द ही जेल भेज दिया जाएगा।

Content Editor

Pooja Gill