मकान तोड़ने पहुंची राजस्व विभाग की टीम के सामने युवक ने जान देने की दी धमकी, अधिकारियों के फूले हाथ पांव

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 01:52 PM (IST)

शाहजहांपुर: जिले में सरकारी जमीन पर बने एक मकान को ध्वस्त करने गयी राजस्व विभाग की टीम और पुलिस के सामने ही मकान स्वामी और उसके दो बेटे पेड़ पर चढ़ गए और फांसी लगाने का प्रयास किया। फांसी का फंदा कस जाने पर एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

हाई कोर्ट ने मामले की दोबारा सुनवाई करने का दिया है आदेश 
जलालाबाद के उप जिलाधिकारी प्रभात कुमार राय ने बुधवार को बताया कि जलालाबाद थाना क्षेत्र के मगटोरा गांव में रहने वाले धनपाल ने चकरोड की सरकारी जमीन पर अपना मकान बना लिया था, जिसकी तहसीलदार की अदालत में बेदखली का आदेश भी दिया गया था। राय ने बताया कि इसके बाद धनपाल ने इस निर्णय को उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी, जिसने तहसीलदार की अदालत को मामले की दोबारा सुनवाई करने का आदेश दिया था।

सरकारी भूमि से कब्जा हटाने का तहसीलदार ने दिया आदेश 
उन्होंने बताया कि इसके बाद तहसीलदार की अदालत ने पूरे मामले की पुनः सुनवाई की और एक बार फिर बेदखली का आदेश दिया गया। राय ने कहा कि मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और उसने सरकारी भूमि से कब्जा हटाने को कहा। उन्होंने बताया कि इससे तैश में आया धनपाल और उसके बेटे दुर्गेश और विवेक फांसी लगाने के लिए पेड़ पर चढ़ गये और गले में फंदा डाल लिया। 

अधिकारियों के सामने फांसी से लटक गया युवक 
उप जिलाधिकारी ने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पेड़ पर चढ़कर धनपाल और दुर्गेश को बचा लिया जबकि विवेक फांसी से लटक गया। उन्होंने बताया कि बाद में विवेक को भी उतार लिया गया मगर हालत गम्भीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक राजेश यादव ने धनपाल के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच होनी चाहिये और पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिये। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static