''AAP'' का ऐलान-अयोध्या से काशी तक की निकालेंगे भाजपा भगाओ, भगवान बचाओ यात्रा

punjabkesari.in Thursday, Jan 10, 2019 - 06:24 PM (IST)

अयोध्याः आम आदमी पार्टी(आप) शनिवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या से काशी तक ‘‘भाजपा भगाओ, भगवान बचाओ’’ यात्रा निकालेगी। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सभाजीत सिंह ने गुरूवार को कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या के सरयू तट से काशी तक ‘‘भाजपा भगाओ, भगवान बचाओ’’ की यात्रा उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में 12 जनवरी से निकाली जायेगी। यह यात्राा 13 जनवरी को काशी में समाप्त होगी।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा प्राचीन और ऐतिहासिक मंदिरों को तोडऩे की तैयारी किये जाने के खिलाफ यह यात्रा निकाली जा रही है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या के नयाघाट रामपैड़ी से यात्रा शुरू होगी जो सुलतानपुर, जौनपुर होते हुए काशी पहुंचेगी। इस यात्रा में दिल्ली विधानसभा के करीब 25 से अधिक विधायक भी शामिल होंगे। आप प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पुरातत्व विभाग में दर्ज काशी के प्राचीन मंदिरों को तोड़ रही है और यह काम पिछले एक साल से चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अयोध्या में कहते हैं कि रामलला हम आयेंगे मंदिर वहीं बनायेंगे लेकिन काशी में कहते हैं भोले बाबा हम आयेंगे मंदिर सभी तोड़वायेंगे।

उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में ही 176 मंदिरों व घरों को भी तोडऩे की नोटिस योगी की सरकार ने दे दी है और यह अंतिम नोटिस है। इसके बाद अयोध्या में भी प्राचीन मंदिरों को तोडऩे की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी। सरकार प्राचीन मंदिरों को तोडऩे के साथ-साथ उन लोगों को भी बेघर कर रही है जिन्होंने एक समय में मुगलों, तुर्कों से काशी की रक्षा करते हुए अपनी जान दे दी थी।

सिंह ने बताया कि आप के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में सरयू नदी के किनारे राम पैड़ी से एक रथ यात्रा तैयार की गयी है जिसमें अयोध्या और काशी के मंदिरों का भी जिक्र किया गया है। उसमें भाजपा भगाओ, भगवान बचाओ के नारे लिखे गये हैं। उन्होंने बताया कि इस रथ के साथ हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे और यह शहर के मुख्य मार्गों से बीकापुर, खजुरहट होते हुए सुलतानपुर जायेगी। जहां तिकोनिया पार्क सुलतानपुर में एक सभा को भी आम आदमी पार्टी के नेता संबोधित करेंगे। उसके बाद यह यात्रा लम्भुआ चांदा होते हुए गोपालपुर पहुंचेगी जहां रात्रि विश्राम होगा। 13 जनवरी को सुबह गोपालपुर से यात्रा शुरू होगी जो काशी (वाराणसी) जायेगी।

Tamanna Bhardwaj