UP में ‘आप’ ने शुरू किया ‘बुलडोजर आहुति यज्ञ’, संजय सिंह ने CM योगी को चेताया- Bulldozer किसी का सगा नहीं...

punjabkesari.in Saturday, Feb 18, 2023 - 07:54 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के विरोध के जरिये अपनी जड़े जमाने में लगी आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार से ‘बुलडोजर आहुति यज्ञ’ अभियान की शुरूआत की। इस दौरान पार्टी के यूपी प्रभारी सांसद संजय सिंह ने कहा कि कल से हर जिलों में बुलडोजर आहुति यज्ञ की शुरुआत की जाएगी और इसके माध्यम से आम आदमी पार्टी यह संकेत देगी कि अब यह बुलडोजर असंवैधानिक रूप से किसी गरीब, बेबस और लाचार को परेशान नहीं कर सकता, उनकी छाती पर चढ़कर उनका आशियाना नहीं उजाड़ सकता।

'कानपुर देहात की घटना हिंदुस्तान की घटना है न कि तालिबान की'
संजय सिंह ने कानपुर देहात की घटना के विरोध में महाशिवरात्रि पर्व पर गोमती नगर स्थित प्रदेश कार्यालय पर ‘बुलडोजर आहुति यज्ञ’ किया और योगी सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर निकाय चुनाव प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संजय सिंह ने कहा कि कानपुर देहात की घटना हिंदुस्तान की घटना है न कि तालिबान की। भाजपा तालिबान के नक्शे कदम पर चल रही है। सांसद संजय सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि वह पीड़ित परिवार से मिलने उनके पास गए जहां मृतिका प्रमिला देवी के बेटे शिवम दिक्षित ने विस्तारपूर्वक घटना की जानकारी दी।

प्रमिला देवी और उनकी पुत्री की जलकर मौत
उन्होंने कहा कि शिवम दीक्षित के दिए गए बयान के अनुसार पहले शासन प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर से उनका पक्का मकान गिरा दिया गया। इतना ही नहीं दुखद है कि उनके मकान के पास ही भगवान शिव का मंदिर भी गिरा दिया गया। फिर जब पीड़ित परिवार डीएम के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी तो वहां से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली, उल्टा डांट कर भगा दिया गया। हर तरफ से निराशा हाथ लगने पर प्रमिला देवी के परिवार ने घटनास्थल के पास ही एक झोपड़ी बना ली जिसको रात में आग लगाकर जला दिया गया और इसी कृत्य में प्रमिला देवी और उनकी पुत्री की जलकर मौत हो गई।

योगी आदित्यनाथ ‘बाबा बुलडोजर’ कहे जाने पर गर्व करते हैं: संजय
सिंह ने कहा क्या मुख्यमंत्री योगी किसी भी घर को असंवैधानिक रूप से गिरा देंगे ? योगी आदित्यनाथ ‘बाबा बुलडोजर’ कहे जाने पर गर्व करते हैं। यह बुलडोजर किसी का सगा नहीं है और ना ही किसी वर्ग विशेष या धर्म विशेष के लिए हमदर्दी रखता है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर बाबा ने हरदोई में कैंसर पीड़ित व्यक्ति की चक्की बुलडोजर से नेस्तनाबूद करवा डाली।

Content Writer

Mamta Yadav