यूपी की कुछ चुनिंदा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी आप: सांसद संजय सिंह

punjabkesari.in Tuesday, Oct 02, 2018 - 10:15 AM (IST)

लखनऊ: आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने प्रदेश के सभी प्रांतीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और विंगों के अध्यक्षों सहित पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि पार्टी लोकसभा का चुनाव प्रदेश की कुछ चुनिंदा सीटों पर मजबूती से लड़ेगी। गठबंधन के मसले पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि ‘आप’ किसी भी राजनीतिक दल के साथ लोकसभा चुनाव में गठबंधन नहीं करेगी।

जन अधिकार पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता दिल्ली की केजरीवाल सरकार के कामों को घर-घर लेकर जाएंगे। वहीं पार्टी की मांग उत्तर प्रदेश को 4 राज्यों में बांटने की है जिसके लिए पदयात्रा के दौरान जनता से 50 लाख समर्थन प्रपत्र भरवाकर राष्ट्रपति को ज्ञापन के साथ भेजे जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश में संगठन विस्तार के लिए जल्द ही वृहद स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी बेरोजगारी, किसानों की बदहाल स्थिति, राफेल जैसे मुद्दों को लेकर आगे आएगी।

संजय सिंह ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कहावत थी कि मुस्करिए आप लखनऊ में हैं लेकिन अब कहावत बदल गई है, घबराइए आप लखनऊ में हैं। योगी के राज में जनता की हत्या की जा सकती है और विवेक तिवारी की हत्या करने का काम उत्तर प्रदेश की पुलिस ने किया है। विवेक तिवारी के बच्चों को अनाथ बनाने का काम योगी सरकार ने किया है। उन्होंने योगी सरकार को चेतावनी दी है कि यदि 3 दिन के अंदर विवेक के परिवार वालों की मांगों को पूरा नहीं किया तो आम आदमी पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में इस जंगलराज के खिलाफ आन्दोलन करेगी।

भाजपा के कद्दावर नेताओं ने आप का थामा दामन
बैठक के दौरान बागपत जनपद से भाजपा के पूर्व केन्द्रीय मंत्री सोमपाल शास्त्री के पुत्र संदीप शास्त्री, मुजफ्फरनगर जनपद से भाजपा महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष पूनम सिंह और किसान नेता विपिन बालियान अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ली। बैठक में प्रमुख रूप से प्रांतीय अध्यक्ष ब्रज कुमारी, संजीव सिंह, सोमेन्द्र ढाका, निर्मल मिश्र, प्रदेश कोर्डिनेटर समर कुमार, आशुतोष सिंह सेंगर, नीलम यादव, छवि यादव, प्रदेश प्रवक्ता वैभव माहेश्वरी, महेंद्र प्रताप सिंह, गौरव माहेश्वरी, सभाजीत सिंह, सतेन्द्र तिवारी, ब्रजेश तिवारी, नजरुल हक सहित जिले के सभी जिला अध्यक्ष शामिल हुए।

Anil Kapoor