BJP यूपी में हुई फेल, 2022 में दिल्ली मॉडल पर सरकार बनाएगी AAP: राजेंद्र पाल गौतम

punjabkesari.in Sunday, Jan 03, 2021 - 10:47 AM (IST)

शामली: दिल्ली सरकार में आम आदमी पार्टी के कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पहुंचे। उन्होंने कहा कि गुजरात की तरह विपक्षी पार्टियों पर दबाव का मॉडल लागू करने वाली भाजपा की योगी सरकार यूपी में फेल हो गई है। स्कूल और अस्पताल खस्ताहालत में हैं और जनता महंगाई से चिल्ला रही है। गौतम ने कहा कि अब आम आदमी पार्टी दिल्ली मॉडल पर यूपी में चुनाव लड़कर 2022 में सरकार बनाएगी।

जानकारी मुताबिक  दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम शनिवार को शामली में पार्टी कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श करने के लिए पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को पार्टी की गाइडलाइन और तैयारियों से अवगत कराते हुए गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की नीतियों और दिल्ली में पार्टी के विकास के मॉडल का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। कैबिनेट मंत्री गौतम ने मीडिया को संबोधित करते हुए योगी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।

जाति और धर्म के नाम पर बांटे जा रहे लोग: गौतम
दिल्ली सरकार के कैनिबेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि उत्तर प्रदेश की जनता में दहशत का माहौल है। प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की सरकार ना होकर सिर्फ एक जाति विशेष की सरकार बनकर रह गई है। अपराधी जाति पूछकर सरेआम हत्याएं कर रहे हैं। जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन यह सरकार सिर्फ पूंजीपतियों की सरकार बनकर रह गई है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी जिला पंचायत चुनाव में अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाकर 2022 विधान सभा चुनाव के लिए अपनी जीत का आगाज करेगी।

UP में गुजरात नही, दिल्ली का मॉडल होगा लागू: गौतम
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि योगी सरकार ने यूपी में गुजरात का मॉडल लागू किया है, जैसे वहां पर विपक्ष को दबाने का काम किया गया था, वैसा ही अब यूपी में भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी में स्कूलों और अस्पतालों की हालत बेकार है, जिसके चलते लोग दिल्ली का रूख करते हैं। बिजली की दरें भी लगातार बढ़ रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर दिल्ली में आप सरकार के मॉडल से अवगत करा रहे हैं। आम आदमी पार्टी 2022 चुनाव जीतने के बाद यूपी में भी दिल्ली के विकास का मॉडल लागू करेगी, जिससे जनता को भारी राहत मिलेगी।

Anil Kapoor