अबू आजमी बने सपा के आजम खान पार्ट 2 ! बोले- बंगाल की तरह यूपी चुनाव में भी होगा BJP का हाल

punjabkesari.in Tuesday, Aug 03, 2021 - 02:21 PM (IST)

भदोही: उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने सोमवार को भदोही में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। आज़मी ने कहा की भाजपा का जो हाल बंगाल चुनाव में हुआ वही हाल यूपी के चुनाव में भी होगा। भाजपा सरकार में आम आदमी परेशान है। महंगाई और अपराध चरम पर है। जो सरकार के खिलाफ टिप्पड़ी करते हैं सरकार उन्हें जेल भेज देती है। इससे यह साफ होता है कि अघोषित इमरजेंसी चल रही है।

ओवैसी को लेकर आज़मी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में सपा की आंधी चलने वाली है जिसके बाद ओवैसी जैसे वोट काटने वाली पार्टियां गायब हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम सहित कई इलाकों में कमजोर हुई है जिसके कारण वो खुद चाहती है कि ये पार्टियां चुनाव लड़े जिससे भाजपा को फायदा मिले। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय प्रभाव वाली पार्टियों से गठबंधन कर सपा चुनाव लड़ेगी, हमारा किसी बड़ी पार्टी से गठबंधन नहीं होगा। अबु आज़मी चुनावी माहौल भांपने के लिए भदोही पहुंचे थे और यहां पार्टी के कई नेताओं के साथ बैठक की। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने यह बयान दिया है।

Content Writer

Umakant yadav