हमीरपुर में हादसा: लगातार बारिश से भराभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबकर वृद्ध दंपति की मौत

punjabkesari.in Sunday, Aug 21, 2022 - 08:21 PM (IST)

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा में रविवार को लगातार बारिश के कारण एक कच्चा मकान भराभराकर गिर गया। मकान के मलबे में दबकर एक वृद्ध दंपति की मृत्यु हो गयी।       

पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के रीवन गांव में अपने रिहायशी कच्चे मकान में बारे लाल (65) व उनकी पत्नी सत्ती (61) सो रहे थे, तभी तड़के कच्ची दीवार भराभराकर वृद्ध दंपति के ऊपर गिर गयी। इसकी जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मलवा हटाने में जुट गये। मलबे में दबे बारेलाल को निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनकी पत्नी सत्ती ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।       

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। राजस्व विभाग की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर क्षति का आंकलन किया है। मृतक बारेलाल के नाम एक हेक्टेएअर कृषि योग्य भूमि है।

Content Writer

Mamta Yadav