दिल्ली-आगरा हाइवे पर हादसाः जूता चप्पलों से भरे कैंटर में लगी आग, जिंदा जला वाहन चालक’

punjabkesari.in Friday, Feb 25, 2022 - 06:53 PM (IST)

मथुरा: शुक्रवार की तड़के दिल्ली-आगरा हाइवे पर मथुरा में अलवर पुल के समीप जूता चप्पलों से भरे कैंटर में आग लग गई। कैंटर की केबिन में फंस कर कैंटर चालक जिंदा जल गया। दमकल की 2 गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन के आइशर कैंटर (नम्बर डीएल 1 एमए 4224) से टकराने के बाद यह हादसा हुआ। इस दौरान हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। कैंटर में लगी आग पर काबू पाने के बाद यातायात को सुचारू किया गया। हादसा शुक्रवार की सुबह करीब 3 बजे हुआ।

थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार के मुताबिक पुलिस को रात के करीब 2.55 बजे सूचना मिली कि राधापुरम स्टेट के पास कैंटर में आग लग गई। करीब 3 बज कर 5 मिनट पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। कैंटर चालक की पहचान कमलजीत (22) पुत्र सुरेशचंद निवासी ग्राम भोजपुर थाना पिलुआ जिला एटा के रूप में हुई है। कमलजीत कैंटर में झज्जर बहादुरगढ़ से आगरा के रूनकता क्षेत्र में किसी जूता कंपनी में जूते लेकर जा रहा था। हादसे के कारण कैंटर का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसकी वजह से ड्राइवर उसमें फंस गया और वह निकल नहीं पाया।

आग लगने की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग की विकरालता को देखते हु, 2 दमकल की गडि़यों को मौके पर बुलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यह भी बताया जा रहा है कि कैंटर चालक सी.एन.जी. संचालित था। टक्कर लगने के बाद सी.एन.जी. का रिसाव होने से आग लग गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static