मुस्लिम युवक की हत्या का आरोपी आगरा से लड़ेगा चुनाव, UP की इस पार्टी ने किया टिकट देने का ऐलान

punjabkesari.in Friday, Sep 21, 2018 - 05:17 PM (IST)

लखनऊ\आगरा: राजस्थान के राजसमंद का वीडियो तो आपको याद ही होगा, जिसमें शंभूलाल रैगर नाम का व्यक्ति एक मुस्मिल मजदूर को मार रहा था। हत्या के आरोप में शंभूलाल के खिलाफ जोधपुर में मामला दर्ज है, लेकिन वो जल्द ही चुनाव लड़ने वाला है। खबर है कि उत्तर प्रदेश की नवनिर्माण सेना उसे लोकसभा का टिकट देने जा रही है।

अमित जानी ने इस ऐलान के साथ ही भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा बीजेपी सरकार वादों को पूरा नहीं कर पाई। भगवान श्रीराम का मंदिर नहीं बना पाई, 370 नहीं हटा पाई, पत्थरबाजों को भी रोकने में असफल रही, रोमियो पर अंकुश भी नहीं लग सका। इतना ही नहीं, जानी ने कहा कि पीएम मोदी को रामलला के दर्शन करने चाहिए थे, लेकिन वो मस्जिद पहुंच गए। जानी ने कहा कि देश में हिंदू सरकार चाहिए। आपको बता दें कि जानी मायावती की मूर्ति तोड़ने के आरोप में जेल भी जा चुके हैं।

अपने इस फैसले के चलते मेरठ के रहने वाले नवनिर्माण सेना अध्यक्ष अमित जानी विवादों में आ गए हैं। दरअसल, 2019 के लोकसभा चुनाव में एक मुस्लिम की हत्या करने वाले शंभुलाल रैगर को आगरा लोकसभा सीट से अपनी पार्टी का टिकट देने का एेलान जानी ने किया है। यह पार्टी उत्तर प्रदेश की 5 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसी के साथ मथुरा में यूपी नवनिर्माण सेना हिंदू रैली और 18 अक्टूबर को मथुरा में ही धर्म संसद बुला रही है।

नवनिर्माण सेना ने यूपी की 5 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बनाई है। मथुरा से अमित जानी खुद चुनाव लड़ेंगे। आगरा से शंभूलाल रैगर और फिरोजाबाद, नोएडा, अलीगढ़ से भी पार्टी चुनावी मैदान में उतरेगी। अन्य तीनों सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम जल्द घोषित कर दिए जाएंगे।

Anil Kapoor