6 पिल्लों को जन्म देने वाली डॉगी पर Acid Attack... तेजाब से जला आधा शरीर, हड्डी तक दिखने लगी.... लखनऊ में झकझोर देने वाली घटना
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 01:22 PM (IST)
लखनऊ : राजधानी के चौक इलाके में बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। पुल वाली गली में एक कुतिया पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा तेजाब डालने का आरोप है। गंभीर रूप से झुलसी कुतिया का उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
तेजाब से जला आधा शरीर
स्थानीय लोगों के अनुसार, 13 फरवरी की रात अचानक दर्दनाक चीखें सुनाई दीं। आसपास के निवासी जब बाहर निकले तो कुतिया का शरीर कई जगह से बुरी तरह झुलसा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेजाब से उसका आधा शरीर प्रभावित हुआ है, जिससे त्वचा और मांस तक को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़ें : Gold-Silver Price Crash: रिकॉर्ड हाई से औंधे मुंह गिरे सोना-चांदी के दाम, पिछले 15 दिनों में गोल्ड इतना टूटा तो चांदी इतनी हुई सस्ती
मां के आसपास मंडराते रहे पिल्ले
बताया जा रहा है कि कुतिया ने कुछ दिन पहले ही छह पिल्लों को जन्म दिया था। घटना के बाद पिल्ले मां के आसपास मंडराते रहे। सूचना मिलते ही पशु प्रेमी और स्वयंसेवी मौके पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार के बाद कुतिया को इलाज के लिए भिजवाया। इलाज कर रहे चिकित्सकों के मुताबिक, गहरे जख्मों के कारण संक्रमण का खतरा अधिक है। अगले कुछ दिन उपचार के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।
घटना से इलाके में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। स्थानीय निवासियों और पशु प्रेमियों ने आरोपी की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी शहर में कुत्तों को जहर देने की घटनाएं चर्चा में रही हैं। ताजा मामला पशुओं की सुरक्षा और संवेदनशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

