आचार्य प्रमोद कृष्णम के फिर बिगड़े बोल, BJP सांसद साध्वी प्रज्ञा को बताया मानसिक दिवालिया

punjabkesari.in Sunday, Nov 14, 2021 - 12:57 PM (IST)

संभल: कल्की धाम पीठाधीश्वर एवं कांग्रेस के प्रवक्ता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर सीधा हमला कर विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा कि साध्वी पागल और मानसिक रुप से दिवालिया हो चुकी है। आचार्य ने यह बयान साध्वी के एक विवादित बयान पर पलटवार करते हुए दिया।

दरअसल एक कार्यक्रम के दौरान साध्वी ने अजान को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा था कि बहुत जोर-जोर से आवाज़ें आती हैं। सुबह 5 बजकर कुछ मिनट से और वह आवाजें लगातार चलती रहती हैं। सबकी नींद हराम होती है। कुछ लोग पेशेंट होते हैं उनके भी बीपी बढ़ती है। किसी पेशेंट को रात भर नींद नहीं आती है, लेकिन जब वह सुबह निंद्रा में जाता है तो यह आवाज उनको विघ्न पैदा करती है। सच बताऊं तो साधु-संत सन्यासी जो होते हैं उनकी ध्यान साधना का समय भी 4 बजे ब्रह्म मुहूर्त से शुरू होता है। हमारी आरती का समय भी सुबह 4 बजे से प्रारंभ होता है, लेकिन किसी को कोई परवाह नहीं है। इस बात की कि जबरदस्ती के माइक हमारे कानों में घुसते हैं और जब हम माइक लगा लेते हैं तो विधर्मियों को पीड़ा होती है। कहते हैं कि हम किसी और इबादत का कोई शब्द नहीं सुन सकते। क्योंकि ये हमारे धर्म में हमारे इस्लाम में ठीक नहीं माना जाता और हमारे इस्लाम में ये जायज नहीं है।

इस दौरान उन्होंने राम मंदिर बनवाने को लेकर पीएम मोदी की जमकर तारीफ की  और उनको हमेशा शासन में रहने की बात कही। प्रज्ञा ने कहा जब राम मंदिर के लिए वर्षों से जो लोग प्रतीक्षा कर रहे थे। उनकी मनोकामनाएं तो नरेंद्र मोदी जी ने पूर्ण कर ही दी। नरेंद्र मोदी ना होते तो आज हम इस आनंद के भागी भी ना होते। इसलिए ऐसे राम भक्त ऐसे राष्ट्रभक्त मेरे प्रभु राम जी के मंदिर में यही प्रार्थना करती हूं। सदैव राष्ट्रभक्त और राम भक्त मोदी जैसे लोग शासन करें और हम लोग निर्भीक रूप से अपने मार्ग पर चलते रहें। सदैव हमारी पूजा पाठ हमारे देवों की आराधना हमारे मंदिर निष्कंटक हो जाएं।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj