बागपत में भी डेरा सच्चा सौदा आश्रम पर प्रशासन ने जड़ा ताला, जानिए वजह

punjabkesari.in Sunday, Aug 27, 2017 - 11:12 AM (IST)

बागपत: राम रहीम गुरमीत सिंह इंसा को पंचकुला की सीबीआई कोर्ट की ओर से दोष सिद्ध होने पर उसके अनुयाइयों पर अब पुलिस ने सख्ती शुरु कर दी। हरियाणा और पंजाब में डेरा मुखी के अनुयाइयों की ओर से किए गए हमले को देखते हुए अब उत्तर प्रदेश के बागपत में भी सख्ती शुरु हो गई। बिनौली क्षेत्र में स्थित बरनावा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम के मुख्य गेट पर प्रशासन की ओर से ताला लगा दिया गया। अब यहां बाहरी लोगों का अंदर प्रदेश निषेध कर दिया है। अंदर रहने वाले लोगों के लिए आवागमन की सुविधा परिचय पत्र के आधार पर दी गई है।

दरअसल, डेरा सच्चा सौदा की ओर से सिरसा के बाद बरनावा में दूसरे नंबर का आश्रम स्थापित किया गया था। यहां हर महीने राम रहीम गुरमीत सिंह इंसा श्रद्धालुओं को संबोधित करते थे। प्रत्येक महीने के पहले रविवार को लाखों की संख्या में उनके समर्थक यहां पहुंचते थे। अब राम रहीम गुरमीत सिंह इंसा को अदालत ने यौन शोषण का दोषी करार दिया है। डेरा मुखी के अनुयाइयों की ओर से की गई हिंसा को देखते हुए बरनावा के डेरे पर पहले पुलिस सुरक्षा में लगी हुई थी। अब अधिकारियों ने पुलिस को डेरे के अंदर किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी। डेरे में रहने वाले लोगों को भी परिचय पत्र के आधार पर ही आने-जाने दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगरौत ने भी आश्रम का दौरा कर जानकारी ली। डेरे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद मनीष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक बागपत दिलीप सिंह को डेरे की सुरक्षा में लगाया गया है।