News Impact: संगम में गिर रहे केमिकल युक्त पानी को प्रशासन ने रोका

punjabkesari.in Wednesday, Jul 31, 2019 - 01:34 PM (IST)

प्रयागराज: प्रयागराज के संगम तट पर नमामि गंगे और स्वच्छ भारत मिशन की सच्चाई दिखाने के बाद एक बार फिर पंजाब केसरी की खबर का बड़ा असर हुआ है। गंगा नदी में नाले से केमिकल युक्त पानी को पूर्ण रूप से प्रशासन ने गिरने से रोक लगा दी है। खबर चलने के बाद महीनों से चली आ रही समस्या का निदान महज 3 दिन में ही हो गया। कुछ दिन पहले गंगा नदी में नाले से केमिकल युक्त गंदा पानी तेज गति से गिर रहा था जिससे कावडिय़ों और आम श्रद्धालुओं में काफी रोष था। 

सावन के महीने में भारी संख्या में श्रद्धालु और कावडि़ए गंगाजल लेने इसी जगह आते हैं और यहां से गंगाजल लेकर काशी या फिर अन्य शिव मंदिरों में जाकर के शिवलिंग पर चढ़ाते हैं। हम आपको दो तस्वीरे दिखा रहे हैं जिसे देखकर आप खुद ही अंदाजा लगा सकते हैं कि कितनी तेज गति से केमिकल झाग युक्त पानी गंगा नदी में जा रहा है जो सरकार के तमाम दावों की पोल भी खोल रहा है। दूसरी तस्वीर आज की है जहां प्रशासन ने गंदे पानी के गिरने पर रोक लगा दी है। 

कावडिय़ों ने पंजाब केसरी को बोला धन्यवाद
रोक लगने के बाद आम श्रद्धालु और कावडिय़े पंजाब केसरी को धन्यवाद भी दे रहे हैं। सावन के महीने में गंगा में केमिकल युक्त गंदा पानी गिरने को लेकर पंजाब केसरी ने जि़म्मेदारी को समझते हुए खबर को प्रमुखता से दिखाया था जिसके बाद आज इसका बड़ा असर देखने को मिला है। 

हैरानी की बात यह है कि इसी जगह पर देश दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक मेला कुंभ मेला भी लगता है। अब सावन के महीने में भी प्रदेश और देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु और कावडि़ए इसी गंगाजल से अपनी कांवड़ यात्रा की शुरुआत भी करते हैं। नाले के बगल में ही कई मंदिर भी स्थापित है। गंगा नदी में केमिकल युक्त गंदा पानी गिरते देख आम श्रद्धालु और कावडिय़े भी सरकार और प्रशासन की इस लापरवाही से काफी गुस्से में थे। लेकिन अब प्रशासन की नींद टूटी है और प्रशासन ने इस समस्या का समाधान कर दिया है। 

Ajay kumar